पिहोवा 2 फरवरी – एसडीएम निर्मल नागर ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव को पूरे हर्षोल्लास से मनाने के लिए सभी विभाग एकजुट होकर तैयारियां करें। अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त कलाकारों सहित आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी तरह की तैयारियों को समय रहते पूरा करना सुनिश्चित करें ताकि अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव को पूरी धूमधाम से मनाया जा सके। प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सायं को आरती गान की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। वे शनिवार को अनाजमंडी के किसान विश्रामगृह में अधिकारियों एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की एक बैठक ले रहे थे।
उन्होंने बताया कि 7 फरवरी को पदमश्री विजय घाटे व ख्याति प्राप्त कलाकार अतुल दुबे 8 फरवरी को सरस्वती महोत्सव में अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इनके साथ-साथ कला एवं संस्कृति विभाग हरियाणा के कलाकार भी सरस्वती महोत्सव में अपनी कला का रंग बिखेरेंगे। इन तमाम कलाकारों को महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आमंत्रित किया गया है। अहम पहलू यह है कि इस बार 10 फरवरी को बसंत पंचमी को लेकर होने वाले अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव का आयोजन पवित्र सरस्वती तीर्थ के तट पर 7 से 10 फरवरी तक किया जा रहा है। एसडीएम ने बताया कि सरस्वती महोत्सव के प्रत्येक दृश्य को प्रसारित करने के लिए बड़ी डिजिटल स्क्रीन का प्रबंध किया जाए ताकि प्रत्येक पर्यटक को लाईव प्रसारण की सुविधा मिल सके। इस महोत्सव में अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय द्वारा सरस मेले के 20 स्टाल लगाए जाएंगे, जिनमें फूड कोर्ट के स्टाल भी शामिल हैं।
एसडीएम निर्मल नागर ने कहा कि जहां सुबह के समय हरियाणा की संास्कृतिक विरासत को संजोकर रखने वाले लोक कलाकार अपनी प्रस्तुती देंगे, वहीं सरस्वती महोत्सव के पहले दिन सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 6 बजे विजय घाटे और उनकी टीम द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुती दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 8 फरवरी को जहां सुबह के समय लोक कलाकार अपनी प्रस्तुती देंगे, वहीं 8 फरवरी को ही सांयकालीन सांस्कृतिक संध्या में अतुल दुबे और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुती दी जाएगी। इतना ही नहीं 9 फरवरी को सांयकालीन कार्यक्रम में कला एवं सांस्कृतिक विभाग के कलाकार अपनी प्रस्तुती देंगे।
उन्होंने कहा कि 10 फरवरी को समापन समारोह में सुबह के समय सरस्वती आरती और संत सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, वहीं बसंत पंचमी को लेकर बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुती होगी। एसडीएम ने अधिकारियों को आदेश दिए कि इस कार्यक्रम के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 फरवरी को होने वाले कार्यक्रम के लिए भी सभी प्रकार की तैयारियों को समय रहते पूरा कर लें। सभी अधिकारी व कर्मचारी इस अवधि के दौरान कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। इन तमाम कार्यक्रमों को यादगार तरीके से सम्पन्न करवाने के लिए उपायुक्त डा. एसएस फुलिया के आदेशानुसार एक कमेटी का भी गठन किया गया है। आज की बैठक में तहसीलदार चेतना चौधरी, बीडीपीओ राजेश कुमार, बीडीपीओ इस्माईलाबाद राजबीर, युधिष्ठिïर बहल, रामधारी शर्मा, सरस्वती हैरीटेज बोर्ड के सदस्य ईश्वर सिंह, सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी व अधिकारी उपस्थित थे।
Post Now India Post Now India