करनाल 9 फरवरी, घरौण्डा के विधायक एवं हैफेड के चेयरमैन हरविन्द्र कल्याण ने 12 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कुरूक्षेत्र के कार्यक्रम से कुटेल में बनने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर कुटेल गांव के पंचायत भवन में ग्रामीणो की बैठक ली और ग्रामीणो से कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की कुटेल के लोगो के लिए बहुत बड़ी सौगात है। इस सौगात से कुटेल गांव का नाम स्वास्थ्य के क्षेत्र में हिन्दुस्तान के नक्शे पर चला गया है। इस विश्वविद्यालय की शुरूआत के कार्यक्रम का प्रसारण कुटेल में भी दिखाया जाएगा और यहां एक कार्यक्रम होगा, इसके लिए उन्होने ग्रामीणो से अपील की कि वह बढ-चढ के हिस्सा लें और पूरी व्यवस्था को सम्भालें।
विधायक ने शनिवार शाम को कुटेल गांव के पंचायत भवन में ग्रामीणो की बैठक ली। सबसे पहले उन्होने ग्रामीणो का इसके लिए आभार प्रकट किया कि उन्होने अपनी जमीन में स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय खुलवाकर एक पुण्य का कार्य किया है और सरकार ने भी आगे हाथ बढाते हुए इसमें कई सौ करोड़ रूपये लगाने का निर्णय लिया है। इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास देश के प्रधानमंत्री कर रहे हैं, यह कुटेल के लिए गर्व का विषय है। इस विश्वविद्यालय के बनने से केवल हरियाणा ही नही उत्तरी भारत के सभी प्रदेशो के लोगो को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और चिकित्सा सुविधा का भी लाभ मिलेगा। उन्होने कहा कि जैसे-जैसे विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य बढता रहेगा, रोजगार के अवसर बढते रहेंगे। उन्होने कहा कि यह सरकार का कार्य है परंतु इस कार्य को सफलतापूर्वक करना हम सबका कर्तव्य है। सभी ग्रामीणो को अपने हाथ में व्यवस्था को लेना है, किसी को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो, यह हमारी जिम्मेवारी है। हमारे गांव में इतनी बडी सौगात सरकार ने दी है, यह सरकार का हमारे ऊपर विश्वास है, हमारा कर्तव्य है कि हम सरकार के इस विश्वास को कम नही होने देंगे। सभी ग्रामीणो को 12 फरवरी को सुबह 9 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्था को सम्भालनी हैं और बाहर से आने वाले लोगो को व्यवस्था अनुसार बैठाना है।
ग्रामीणो ने विधायक को आश्वस्त किया कि यह कार्यक्रम हमारा अपना है, इस कार्यक्रम में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नही आने देंगे। पूरे गांव के लोगो के साथ-साथ हजारो की संख्या में हल्के के लोग भी यहां पहुंचेगे। ग्रामीणो ने इस कार्यक्रम की सफलता के लिए आपस में अपनी जिम्मेवारी लगाई। इस अवसर पर कुटेल गांव के सरपंच संदीप, सुरेन्द्र कल्याण, अलियास, जरनैल नम्बरदार, धर्मपाल, सुरेश फौजी, सतबीर व सतपाल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
Post Now India Post Now India