करनाल 14 फरवरी, जिला सचिवालय स्थित सरल केन्द्र में जनता के कार्य अब ओर सरल हो गए हैं। केन्द्र में बिना किसी बिचौलिये के समयबद्घ सेवाएं मिलना, वास्तव में ही सरकार की सुशासन नीति को दर्शा रहा है। पहले यह ई-दिशा केन्द्र था, लेकिन अब इसका नाम जिला स्तरीय सरल केन्द्र हो गया है। बीते दिसम्बर में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विधिवत सरल केन्द्र में सेवाओं की लॉचिंग की थी और इस प्रकार यहां अब 37 भिन्न-भिन्न विभागो की करीब 264 सेवाएं जनता को मिल रही हैं, जिनमें ड्राईविंग लाईसेंस, विभिन्न जाति, रिहायशी एवं आय प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र तथा मैरिज सर्टिफिकेट इत्यादि शामिल हैं।
इस बारे जिला सूचना अधिकारी महीपाल सीकरी तथा सहायक जिला सूचना अधिकारी परविन्द्र सिंह ने बताया कि मौजूदा सरल केन्द्र में जनता के बैठने के लिए पर्याप्त स्पेस, प्रतिक्षालय, हैल्प डैस्क तथा डिस्पैच काउंटर बनाए गए हैं। जैसे ही कोई नागरिक अपने काम के लिए केन्द्र में प्रवेश करता है, वह पहले हैल्प डैस्क पर बैठे ऑपरेटर से मिलकर अपने काम के बारे में पूछता है। इसके बाद वह अपना नम्बर लगवाकर टोकन प्राप्त करता है। एक बड़े डैश बोर्ड या स्क्रीन के जरिए नागरिक को अपने काउंटर नम्बर की जानकारी मिल जाती है और सीधे उस पर जाकर फाईल जमा होने जैसी कार्यवाही होती है। इस प्रक्रिया में ज्यादा समय नही लगता और नागरिक भी सहज रहता है। उसे काउंटर पर ही पता लग जाता है कि जिस सेवा को प्राप्त करने के लिए वह केन्द्र में आया है, तो उसकी डिलीवरी निश्चित समयावधि में ही हो जाएगी।
केन्द्र में आने वाले नागरिको का अनुभव जानने के लिए मुख्यमंत्री की सुशासन सहयोगी सुविधा जानी से कुछ व्यक्तियों की भेंट हुई। लर्निंग लाईसेंस के लिए आए एक नागरिक नरेश कुमार ने बताया कि उसका यह कार्य 20-25 मिनट में ही निपट गया, किसी तरह की कोई टैंशन नही हुई। सभी सेवाएं एक ही छत के नीचे देखकर बहुत अच्छा अनुभव हुआ। इससे आम जनता की राह आसान हो गई है और सरकार व प्रशासन की कार्य प्रणाली में उसका विश्वास और भी पुख्ता हुआ है। नरेश कुमार की तरह ही इन्द्री के बहादुरपुर गांव से आए अरूण कुमार का कहना था कि सरल केन्द्र में वह मैरिज सर्टिफिकेट की फाईल लेकर आया था। यहां पर बैठे कर्मचारियों ने बहुत ही अच्छे तरीके से डील किया। सर्टिफिकेट हासिल करने की प्रारम्भिक प्रक्रिया बहुत ही जल्दी निपट गई। एक अन्य नागरिक राज कुमार ने बताया कि उसका ड्राईविंग लाईसेंस गुम हो गया था और उसे डुप्लिकेट लाईसेंस की जरूरत थी, इसके लिए वह सीधा सरल केन्द्र में आया और उसकी फाईल झट से यहां जमा हो गई। यहां की डिलिंग देखकर लगा कि उसे बिना किसी व्यवधान के जल्द ही डुपलिकेट लाईसेंस प्राप्त हो जाएगा।
डीआईओ व एडीआईओ ने बताया कि वर्तमान सरकार की ओर से अपने नागरिको के लिए सुशासन प्रदान करने का जो वायदा किया गया था, वह पूरा हुआ है। अब जिला मुख्यालय के इस सरल केन्द्र के अतिरिक्त जिला परिषद कॉम्पलैक्स में स्थित अंत्योदय सरल केन्द्र, जिसमें सरकारी स्कीमो की जानकारी मिलती है, के साथ-साथ सब-डिवीजन स्तर पर भी अंत्योदय सरल केन्द्र सफलतापूर्वक नागरिको को अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सरकार की इन सुविधाओं से प्रशासन और जनता के बीच की कड़ी में पारदर्शिता के साथ-साथ बीच के लोगो या दलालो के लिए कोई जगह नही रही। उन्होने बताया कि अब तक सरल केन्द्रो के माध्यम से 6 लाख से अधिक नागरिक विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं।
Post Now India Post Now India