कुरुक्षेत्र, 22 फरवरी। हिन्दुस्तान टाइम्स के पूर्व एसोसिएट एडिटर जतिन गांधी ने कहा है कि पत्रकारिता एक बहुत ही व्यापक क्षेत्र है जिसमें हम अनेकों माध्यमों से खबरों एवं सूचनाओं को प्राप्त करते है परन्तु इन सभी माध्यमों में रिपोर्टिंग के मूल आधार एक समान ही है। वे शुक्रवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा रिपोर्टिंग स्किल्स विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर बतौर मुख्य वक्ता बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज के समय की पत्रकारिता विभिन्न भागों में बंट चुकी है और उसी के अनुसार अब रिपोर्टिंग के पैमाने भी बदलते जा रहे है। उन्होंने विद्यार्थियों को रिपोर्टिंग के लेखन का अलग-अलग माध्यमों से अभ्यास के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने छात्रों को वास्तविकता से अवगत करवाया जिसमें खबरों की महत्ता, पाठक की रूचि, खबर का सन्दर्भ तथा तथ्यों की अनिवार्यता भी शामिल थी। उन्होंने अपने जीवन के उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को आगे बढऩे और अपने लक्ष्य की और केन्द्रित रहने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को पत्रकारिता के गुर सिखाए।
कार्यशाला के अंत में उन्होंने पत्रकारिता के सिद्धांत और उसी नीतियों पर बात करते हुए विद्यार्थियों से सवाल-जवाब भी किए। कार्यशाला के अंत में छात्रों को सम्बोधित करते हुए जनसंचार और प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक प्रोफेसर डॉ. एसएस बूरा ने कहा कि आज का समय आधुनिकता का समय है और हमें अपनी सोच में भी बदलाव लाने की आवश्यकता है जिससे पत्रकारिता को एक मजबूत आधार प्राप्त हो। इस अवसर पर संस्थान के शिक्षक डॉ. अशोक, रोशन लाल, राहुल अरोड़ा, डॉ. तपेश कौशिक सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India