कैथल, 28 फरवरी: हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री राजीव रंजन ने आगामी लोकसभा आम चुनाव के दौरान पेड न्यूज पर अंकुश लगाने तथा जिला स्तर पर गठित मीडिया सर्टिफिकेशन एवं निगरानी समिति के बारे में वीडियो कांफ्रैंस के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पेड न्यूज समाज व देश के लिए कैंसर के समान है, क्योंकि इस तरह के समाचार में काला धन का प्रयोग होता है तथा लोगों की धारणा में बदलने का प्रयास किया जाता है।
श्री राजीव रंजन वीडियो कांफ्रैंस के माध्यम से सभी उपायुक्तों से जिला स्तर पर गठित की गई मीडिया सर्टिफिकेशन एवं निगरानी समिति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर मीडिया सर्टिफिकेशन तथा निगरानी समिति का गठन भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों अनुसार पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रेस परिषद द्वारा पेड न्यूज तथा विज्ञापनों के संदर्भ में आवश्यक हिदायतें जारी की गई हैं। इन हिदायतों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार स्वयं के चुनाव खर्च में कटौती के अनेक तरीके ढुंढते हैं, जिसमें वे स्वयं समाचार पत्रों या चैनलों पर विज्ञापन न देकर किसी समर्थक द्वारा विज्ञापन दिलवाते हैं। सभी संबंधित अधिकारी चुनाव के दौरान समाचार पत्रों, चैनलों, सोशल मीडिया पर पूरी निगरानी रखें। उम्मीदवारों को विज्ञापन को इस समिति द्वारा पूर्व में स्वीकृत करवाकर सर्टिफिकेट प्राप्त करना होता है। यह समिति सर्टिफिकेट जारी करते समय यह अवश्य ध्यान रखें कि विज्ञापन की सामग्री से किसी धर्म, जाति,सम्प्रदाय व व्यक्तिगत भावनाएं आहत नही होती हों। इस विज्ञापन की सामग्री से किसी भी प्रकार के हिंसा को बढ़ावा नही दिया होना चाहिए। उम्मीदवार संपूर्ण देश में कहीं से भी ऐसा सर्टिफिकेट हासिल कर सकता है। इसकी कॉपी स्थानीय रिटर्निंग अधिकारी के पास जमा करवाना अनिवार्य है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि जिला में मीडिया सर्टिफिकेशन एवं निगरानी समिति का गठन कर लिया गया है तथा इसके सदस्यों को प्रशिक्षण दिलवाया जा चुका है। इस समिति के लिए अलग से कक्ष स्थापित करके सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मतदाताओं को चुनाव प्रक्रिया के बारे में जागरूक करने तथा सक्रीय भागीदारी के लिए विशेष रूप से प्रचार वैन के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। यह रथ गांव-गांव जाकर वीवीपैट से युक्त इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन की कार्य प्रणाली का डैमो लोगों को दे रहा है। स्थानीय लघु सचिवालय में विभिन्न कार्यों से आने वाले नागरिकों के लिए लघु सचिवालय परिसर में विशेष डैस्क स्थापित किया गया है, जहां पर लोगों को ईवीएम व वीवीपैट के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर सिंह कुंडु, नगराधीश विजेंद्र हुड्डा, चुनाव नायब तहसीलदार राजपाल भूरा, आईबी के निरीक्षक मान सिंह, वरिष्ठ नागरिक मदन लाल चावला सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India