कैथल, 17 मार्च: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव 2019 में सी-विजिल यानि नागरिक सतर्कता एप निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव करवाने में अहम भूमिका निभाएगा। कोई भी नागरिक इस एप पर आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित विडियो तथा फोटो डाल सकता है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारी 100 मिनट के अंदर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि सी-विजिल एप पर जो भी शिकायत डाली जाएगी उसके साथ संबंधित शिकायत की लाईव फोटो भी होनी चाहिए। फोटो लेने उपरांत संबंधित नागरिक को 5 मिनट के अंदर इस एप पर फोटो अपलोड करनी होगी। इसके साथ-साथ इस एप पर दो मिनट की विडियो भी अपलोड की जा सकती है। नोटिफिकेशन की तिथि के साथ ही इस एप पर अपलोड की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों की मदद के लिए आयोग द्वारा ऑनलाईन सुविधा एप शुरू किया गया है, जो कि सिंगल विंडो एप है। इस एप पर राजनीतिक दल से संबंधित लोग ऑनलाईन आवेदन करके लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रमानुसार हरियाणा में 12 मई को लोकसभा चुनाव के तहत मतदान होगा, जिसके लिए 16 अप्रैल को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा तथा 23 अप्रैल तक नामांकन दर्ज करवाए जा सकेंगे। इसी प्रकार 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा 26 अप्रैल तक नाम वापिस लिए जा सकेंगे। इसके तहत 12 मई को मतदान होगा तथा 23 मई को मतगणना के उपरांत परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों की अनुपालना में प्रिंट एवं इलैक्ट्रोनिक मीडिया पर निगरानी तथा विज्ञापन के पूर्व सत्यापन हेतू मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मोनिटरिंग कमेटी का गठन किया गया है। इस समिति द्वारा पेड न्यूज पर भी विशेष निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखने के लिए सोशल मीडिया ट्रैकिंग टीम का गठन किया गया है।
लोकसभा आम चुनाव के लिए 389 लोकेशन पर स्थापित किए गए हैं 795 बूथ:
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव के लिए 389 लोकेशन पर जिला में 795 बूथ स्थापित किए गए हैं।
गुहला में 196 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें से 171 ग्रामीण अंचल तथा 25 शहरी क्षेत्र में बनाए गए हैं, जिनकी लोकेशन 109 हैं।
कलायत में 209 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 182 गांवों में तथा 27 कलायत शहर में बनाए गए हैं, जिनकी लोकेशन 97 हैं।
कैथल में 206 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 109 विभिन्न गांवों में तथा 97 कैथल शहरी क्षेत्र में बनाए गए हैं, जिनकी लोकेशन 91 हैं।
पूंडरी में 184 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 171 गांवों में तथा 13 शहरी क्षेत्र में बनाए गए हैं, जिनकी लोकेशन 92 हैं।
यह है चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं का विवरण :
गुहला विधानसभा क्षेत्र में कुल 1 लाख 73 हजार 75 मतदाता हैं, जिनमें से 91 हजार 603 पुरूष तथा 81 हजार 116 महिला मतदाता हैं। इसके साथ-साथ 354 पुरूष तथा 2 महिला सर्विस मतदाता है।
कलायत क्षेत्र में एक लाख 96 हजार 625 मतदाता हैं, जिनमें से 1 लाख 6 हजार 355 पुरूष तथा 89 हजार 369 महिला मतदाता हैं। इसके साथ-साथ 878 पुरूष तथा 23 सर्विस मतदाता हैं।
कैथल विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 92 हजार 150 मतदाता हैं, जिनमें से 1 लाख 2 हजार 426 पुरूष तथा 89 हजार 291 महिला मतदाताओं के साथ-साथ 417 पुरूष व 16 महिला सर्विस मतदाता हैं।
पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में कुल 1 लाख 75 हजार 626 मतदाताओं में से 94 हजार 135 पुरूष तथा 80 हजार 836 महिला मतदाता हैं। इसके साथ-साथ 641 पुरूष तथा 16 महिला सर्विस मतदाता हैं।
Post Now India Post Now India