करनाल। हरियाणवीं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए राह ग्रुप फाउंडेशन की हिसार जिले के गांव तलवंडी रुक्का स्थित विद्या संस्कार इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित हरियाणवीं फैशन शो में करनाल के मॉडलों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। अलग-अलग वर्गों में आयोजित लोकगीत, रागनी गायन व हरियाणवीं नृत्य के मुकाबलों में ऑवर ऑल ट्राफी करनाल के नाम रही, जबकि दूसरा स्थान रोहतक के मॉडलों को मिला। यह जानकारी देते हुए राह ग्रुप के वाईस चेयरमैन सुरेश क्रांतिकारी, हरियाणा ईवेंट कॉर्डिनेटर श्रवण कुमार वर्मा व राह क्लब करनाल के अध्यक्ष अमित तंवर ने बताया कि प्रतियोगिता में जींद व भिवानी की टीम को संयुक्त रुप से तीसरा स्थान मिला। सभी विजेताओं को पुरस्कार वितरण समारोह की मुख्यअतिथि हांसी की विधायिका रेणुका बिश्रोई, राह संस्था के संरक्षक प्रवीन त्यागी व कॅरियर काउंलर दिनेश नागपाल ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। जबकि प्रतियोगिता का शुभारंभ राह ग्रुप के चेयरमैन नरेश सेलपाड़ व संस्कृति प्रभारी कविता लौरा की अध्यक्षता में मुख्यअतिथि (शुभारंभ) के तौर पर चेयरमैन कैप्टन भूपेन्द्र सिंह व भाजपा खेल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष नरेश नैन ने किया। इस दौरान राह ग्रुप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामनिवास वर्मा, संस्कृति प्रभारी कविता लौरा, रामअवतार वर्मा, निर्मला सैनी, सुनिता तंवर, समाजसेवी इन्द्रपाल चाहर, नंबरदार रामभगत सहित भारी संख्या गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता में व्यक्तिगत स्र्पधाओं में हिसार व जींद के मॉडलों ने एक बार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में महिला एकल मॉडल का खिताब नारनौंद की सुनेना व आजाद नगर की पूनम मलिक ने संयुक्त रुप से जीता। जबकि पुरुष स्पर्धा में नरवाना के मुकेश कंसल को पहला स्थान मिला।
62 कलाकारों ने दिखाया दमखम:
राह ग्रुप के इस हरियाणवीं फैशन में हिसार, फतेहाबाद, जींद, करनाल, कैथल, भिवानी, गुरुग्राम, रोहतक, पंचकुला, सिरसा, सोनीपत, रेवाड़ी व महेन्द्रगढ़ सहित 12 जिलोंं के 62 कलाकारों ने इस प्रतियोगिता में अपनी कला के जौहर दिखाये। इस दौरान हरियाणवीं कलाकार एनी. बी. व लोकगायक नफेसिंह रोहिल्ला सहित करीब एक दर्जन से अधिक हरियाणवीं कलाकारों ने हरियाणवी रागनी, किस्से व सांग के माध्यम से हरियाणवी संस्कृति को मंच से एक बार फिर जिंदा कर दिया।
अन्तिम चरण में पलटी बाजी:
हरियाणवीं फैशन शो में दूसरी बार अपना हुनर दिखाने रैंप पर उतरे करनाल के मॉडलों को रोहतक, हिसार, जींद व भिवानी से कड़ा मुकाबला करना पड़ा। प्रतियोगिता में पहले चरण में रोहतक व हिसार के मॉडलों ने अपना दबदबा कायम रहा। राह ग्रुप फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस 22वें हरियाणवीं फैशन शो में 42 प्रतिभागियों ने जहां पुरानी पुरानी संस्कृति की झलक को रैंप पर उतारा, वहीं 12 प्रतिभागियों ने खेल, शिक्षा के साथ हरियाणा की आधुनिक उपलब्धियों को दर्शाने का प्रयास किया, 32 ने संस्कृति झांकी दर्शन तो शेष प्रतिभागियों ने ग्रामीण दिनचर्या को अपने-अपने अंदाज में दर्शाने का प्रयास किया। करीब 90 मिनट तक चले इस फैशन शो में हरियाणवीं संस्कृति दर्शन में पुराने समय की शादी-विवाह व खेत में जाते किसान व पनघट पर पानी भरती पनिहारी को सभी ने सराहा तो दुल्हे की पुरानी वेशभूषा में उतरे करनाल के युवक व उसके बारातियों ने अवार्ड के साथ-साथ दर्शकों का दिल भी जीत लिया। इसी प्रकार रंग बिरंगी चुनरी, घाघरा, दामण और चोली से सजी देसी मॉडलों ने भी अपनी अलग छाप छोड़ी।
धरोहर की लगी प्रदर्शनी:
इस दौरान हरियाणवीं संस्कृति व खेत खलिहान से जुड़ी पुरानी धरोहारों व साजो सम्मान पर भी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रुप से रई, बिलौनी, चक्की, खेती के काम आने वाले पुराने औजार, आभूषण, वस्त्र, पुराने सिक्के, पनघट, रहट तथा हरियाणा के परिवहन के साधनों को दर्शाया गया।
Post Now India Post Now India