कैथल, 12 अप्रैल ( ) जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. प्रियंका सोनी ने जिला प्रशासन द्वारा लोकसभा चुनाव हेतू गठित की गई विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वे आज से ही अपनी निर्धारित डियूटी का गंभीरता से निर्वहन शुरू कर दें। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपनी डियूटी में किसी प्रकार की कोताही बरतेगा तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. प्रियंका सोनी लघु सचिवालय स्थित सभागार में वीडियो सर्विलैंस टीम, वीडियो व्यूविंग टीम, स्टैटिक सर्विलैंस टीम, खर्च निगरानी सैल तथा अन्य संबंधित टीमों के प्रभारियों व सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही थी। उन्होंने कहा कि सभी टीमें भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों अनुसार अपनी-अपनी जिम्मेवारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें। संबंधित टीम के बारे में निर्धारित कार्यों का पूरा विवरण आयोग की वैबसाईट पर भी उपलब्ध है। इन टीमों में शामिल अधिकारी व कर्मचारी यह सुनिश्चित करें कि 24 घंटे उनका मोबाईल फोन ऑन रहे। इसके लिए पॉवर बैंक भी अपने पास रखें। सभी अपने पास उच्चाधिकारियों व अन्य टीमों के मोबाईल नंबर रखें, ताकि किसी भी परिस्थिति में किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। जिला स्तर पर लोकसभा आम चुनाव पर निगरानी के लिए लघु सचिवालय परिसर में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसके दूरभाष 01746-235150, 235151, 235152 पर संपर्क सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी टीम द्वारा की गई गतिविधि के बारे में सहायक रिटर्निंग अधिकारी ही प्रेस को जानकारी देने में सक्षम होंगे। जिला प्रशासन द्वारा स्टैटिक सर्विलैंस टीमों के साथ वीडियो ग्राफर भी लगाए जा रहे हैं, ताकि संबंधित नाकों से गुजरने वाले वाहनों की वीडियोग्राफी की जा सके। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोेग द्वारा लोकसभा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार हेतू 70 लाख रुपए चुनाव खर्च की सीमा निर्धारित की गई है। इसलिए सभी टीमें सतर्कता के साथ अपना-अपना कार्य करें तथा उम्मीदवारों द्वारा जनसभा व अन्य चुनाव प्र्रचार के माध्यमों पर किए जा रहे खर्च का पूर्ण ब्यौरा वीडियोग्राफी सहित रखें। यदि कोई उम्मीदवार चुनाव में विजयी हो जाता है और उसका चुनाव खर्च 70 लाख रुपए की निर्धारित सीमा से अधिक पाया जाता है तो ऐसी स्थिति में उसका चुनाव रद्द भी हो सकता है। उन्होंने स्टैटिक सर्विलैंस टीम के सदस्यों को निर्देश देते हुए कहा कि वह यह सुनिश्चित करें कि वाहनों की चैकिंग के दौरान आम जनता को असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्टैटिक सर्विलैंस टीम द्वारा जब्त की गई राशि व अन्य सामान को तुरंत सहायक रिटर्निंग अधिकारी के संज्ञान में लाकर जिला खजाना कार्यालय में जमा करवाएं तथा इसकी रसीद भी प्राप्त करें।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं पूंडरी विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी श्री आरके सिंह ने कहा कि चुनाव उम्मीदवार द्वारा चुनाव खर्च का पूर्ण विवरण खर्च रजिस्टर में रखा जाएगा, जबकि शैडो रजिस्टर में विभिन्न टीमों द्वारा खर्च किए गए संबंधित उम्मीदवार की धनराशि का पूर्ण विवरण रहेगा। इसके लिए उम्मीदवार को चुनाव हेतू अलग से बैंक खाता खोलना होगा तथा वह केवल 20 हजार रुपए तक ही नकद भुगतान कर सकेगा। इससे अधिक राशि के लिए उम्मीदवार द्वारा बैंक ड्राफ्ट या चैक के माध्यम से ही भुगतान किया जाएगा। उन्होंने सभी टीमों के प्रभारियों व सदस्यों को कहा कि वे पूर्ण रूप से सतर्क रहें तथा अपनी जिम्मेवारी को गंभीरता से निभाएं।
कैथल विधानसभा क्षेत्र की सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमंडलाधीश ईशा कंबोज ने कहा कि संबंधित टीमों के प्रभारी किसी भी परिस्थिति में उनसे संपर्क कर सकते हैं तथा उनके कार्यालय द्वारा हर संभव मदद की जाएगी। गुहला विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि सभी टीमों के प्रभारी लोकतंत्र के इस महापर्व में गंभीरता से अपने कर्तव्य का पालन करें। कलायत विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी तथा जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडिया ने कहा कि सभी टीमें आयोग की हिदायतों अनुसार अपना कार्य करें।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश जगदीप सिंह ने विभिन्न टीमों की जिम्मेवारियों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि वीडियो सर्विलैंस टीम को चुनाव खर्च पर निगरानी हेतू विशेष नजर बनाए रखने की जरूरत होगी। इस टीम द्वारा राजनीतिक दलों व उम्मीदवारों की चुनाव जनसभाओं एवं अन्य प्रचार कार्यक्रमों का बारीकि से वीडियोग्राफी करके खर्च की पूर्ण रिपोर्ट तैयार करनी होगी। सहायक चुनाव पर्यवेक्षक द्वारा संबंधित टीमों की सीडी के अवलोकन के उपरांत चुनाव खर्च को अंतिम रूप दिया जाएगा। स्टैटिक सर्विलैंस टीमें एक स्थान पर रहकर वाहनों पर विशेष निगरानी रखेंगी। इन टीमों में सिविल अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस अधिकारी भी शामिल किए गए हैं तथा हर टीम के साथ एक वीडियोग्राफर भी लगाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी टीम द्वारा वाहन चैकिंग के दौरान 10 लाख रुपए से अधिक की राशि जब्त की जाती है तो वे इसकी तुरंत सूचना जिला मुख्यालय पर स्थापित किए गए नियंत्रण कक्ष में देंगे, जहां से आयकर विभाग की टीम को संबंधित स्थल हेतू रवाना किया जाएगा। आम जनता चुनाव के दौरान 50 हजार रुपए तक नकद राशि अपने साथ लेकर जा सकते हैं। पुलिस उपाधीक्षक कुलभूषण ने सभी टीमों के प्रतिनिधियों को कहा कि वे नाकों पर वाहनों की चैकिंग के दौरान आम जनता से अच्छा व्यवहार करें। पुलिस विभाग द्वारा गत दिनों ऑपरेशन श्रीमान भी चलाया गया था, जिसके तहत पुलिस कर्मियों को जनता के साथ विनम्र्र एवं अच्छा व्यवहार करने बारे प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर चुनाव नायब तहसीलदार हीरा लाल, डीआईओ दीपक खुराना सहित अन्य संबंधित अधिकारी व सभी टीमों के प्रभारी तथा सदस्य मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India