करनाल : प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज अष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण कृपा धाम में पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज से भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस अवसर पर अष्टमी, रामनवमी एवं बैसाखी पर्व की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर उनके साथ भाजपा प्रत्याशी संजय भाटिया और करनाल नगर निगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता सहित अन्य भी मौजूद थे। गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने कहा कि हमारी भारतीय पुरातन परम्पराओं में नवरात्र के जो दिन होते हैं वो केवल देवी उपासना के नहीं होते ये कन्या पूजन के भी दिन होते हैं। हमारी भारतीय संस्कृति में कन्या को देवी के समान समझा गया है। उन्होंने कहा कि अष्टमी का दिन हमारी राष्ट्रीय आस्था के लिए राष्ट्रीय गौरव का दिवस है।
इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में ही नहीं बल्कि पूरे देश और विदेश में नवरात्रों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि भारत में कन्या का पूजन देवी के रूप में किया जाता है क्योंकि देवी मां में अपार शक्ति है और उनकी अपार शक्ति से ही यह संसार चल रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय लोग बड़ी श्रद्धा और आस्था के साथ नवरात्रों में देवी की आराधना करते हैं। खासतौर पर कन्याओं को देवी के रूप में पूजते भी हैं और उनका आशीर्वाद लेते हैं। उन्होंने प्रदेश के किसानों को बैसाखी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बैसाखी हरियाली का प्रतीक है क्योंकि बैसाखी किसानों के लिए खुशहाली लेकर आती है। बैसाखी से ही फसल कटने की शुरूआत होती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसान कड़ी मेहनत के बल पर खेतों में सोना उगाते हैं। उन्होंने किसानों के सुख और समृद्धि की कामना की।
गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि कन्या भू्रण हत्या के विरोध में भी आज का दिन महत्वपूर्ण है। कन्याओं को हमें लड़कों से कम नहीं मानना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज बेटियां बेटों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर सकती हैं। स्वामी जी ने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति हमेशा ही हमें लड़कियों का सम्मान करना सिखाती है। नवरात्र न केवल देवी उपासना के दिन होते हैं बल्कि इन दिनों में हम कन्याओं की पूजा भी करते हैं क्योंकि यही भारतीय संस्कृति की विशेषता है। हमारी संस्कृति हमें हमेशा अच्छे कार्यों की तरफ अग्रसर करती है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी भारतीय पुरातन संस्कृति और परम्पराओं पर गर्व है। उन्होंने दुर्गा अष्टमी, रामनवमी और बैसाखी पर्व की सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे पावन पर्व एक ही दिन में जब एक साथ मिलते हैं तो भारतीय संस्कृति का माहौल दर्शनीय होता है। इस मौके पर करनाल नगर निगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता ने भी लोगों को दुर्गा अष्टमी, रामनवमी और बैसाखी पर्व की शुभकामनाएं दी। स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने कन्याओं का पूजन कर उन्हें प्रसाद वितरित किया। आज आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रत्याशी संजय भाटिया, करनाल की मेयर रेनू बाला गुप्ता, जिला अध्यक्ष जगमोहन आनंद, समाजसेवी बृज गुप्ता, श्री कृष्ण कृपा धाम के प्रधान हरि किशन, शाम बत्तरा, पारूल बाली, यश नारंग, राजेंद्र सिंगला, घनश्याम गोयल, सुनील गुप्ता, अंकुर गुप्ता, अनीश गोयल, राकेश नागपाल, राहुल राव, प्रवेश गाबा, कपिल अत्रेजा, पंकज भारती, पार्षद ईश गुलाटी, गौशाला के प्रधान रमेश गुप्ता, कृष्ण लाल तनेजा, नरेंद्र भाम्बा, पार्षद जोगेंद्र शर्मा, ललित दाबड़ा, योगेंद्र राणा, मोहित सचदेवा सहित शहर के मौजिज व्यक्ति एवं सैंकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।
Post Now India Post Now India