कुरुक्षेत्र, 6 मई 2019: गुरुकुल कुरुक्षेत्र के 21 छात्रों ने 10वीं की परीक्षा में संस्कृत में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किये हैं, वहीं 72 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक लेकर गुरुकुल के साथ अपने माता-पिता व गुरुजनों का नाम रोशन किया है। गुरुकुल के प्रधान कुलवन्त सिंह सैनी ने बताया कि सूर्यप्रताप ने 98 प्रतिशत अंकों के साथ गुरुकुल टॉप किया है और गुरुकुल के सभी 157 छात्रों ने मेरिट प्राप्त की है जो गुरुकुल कुरुक्षेत्र के इतिहास में अभी तक का सर्वश्रेष्ठ रिजल्ट है। उन्होंने सभी छात्रों व स्टाफ को लड्डू खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की। वहीं, शानदार रिजल्ट आने पर गुरुकुल के संरक्षक एवं हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देव्रवत जी ने भी समस्त गुरुकुल परिवार को शुभकामनाएं दी हैं।
गुरुकुल के निदेशक व प्राचार्य कर्नल अरुण दत्ता ने बताया कि गुरुकुल के सूर्यप्रताप आर्य ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर गुरुकुल टॉप किया है, वहीं संस्कृत में 21 छात्रों ने 100 में से 100 अंक लेकर नया कीर्तिमान बनाया है। इसके अतिरिक्त गणित में कोसिल कपूर ने 100 अंक, विज्ञान व हिन्दी में सूर्यप्रताप ने 100 में से 100 अंक, सामाजिक विज्ञान में सूर्यप्रताप ने 99 अंक तथा अंग्रेजी में भी सूर्यप्रताप ने 95 अंक अर्जित किये हैं।
कर्नल दत्ता ने 10वीं के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर अध्यापकगण व संरक्षक मंडल सहित समस्त स्टाफ को बधाई देते हुए, इसका पूरा श्रेय मैनेजमेंट व स्टाफ को दिया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी गुरुकुल का रिजल्ट कुरुक्षेत्र ही नहीं अपितु पूरे हरियाणा में सर्वश्रेष्ठ रहेगा। इस अवसर पर सह प्राचार्य शमशेर सिंह, सतपाल सिंह, मुख्य संरक्षक संजीव आर्य, अध्यापक प्रेम कुमार, सुबेप्रताप, दयाशंकर, सतीश कुमार, रमेश कुमार, श्रवण कुमार, संस्कृत के अनिल शास्त्री, सुशील, अशोक जोशी, धर्मवीर, तेजिन्द्र सिंह, हरि शर्मा, अशोक कुमार, अनिल कुमार, दिलबाग सिंह सहित सभी अध्यापकगण उपस्थित रहे।
Post Now India Post Now India