कुरुक्षेत्र। कहते हैं कि जब कोई व्यक्ति सच्ची नियत से किसी काम को करने की सोच लेता है तो परमात्मा भी उस कार्य में जरूर बरकत देता है। ऐसा ही देखने को मिल रहा है गांव दुनिया माजरा में। दुनिया माजरा निवासी समाजसेवी जसबीर सिंह के मन में शुरु से ही ललक रही कि गांव में शहीद भगत सिंह का स्मारक और म्यूजियम बनाया जाए। इसी लग्र के साथ जसबीर सिंह ने कार्य शुरु किया और सबसे पहले आधा एकड जमीन स्मारक के लिए दान मे दी और निकल पडे स्मारक को पूरा करने के लिए लोगों के बीच मदद के लिए। सबसे पहले जसबीर सिंह ने शहीद-ए-आजम यूथ क्लब की स्थापना की और टीम गठित की। यह टीम स्मारक को बनाने के लिए दिन रात मेहनत कर रही है। बता दें कि जसबीर सिंह द्वारा 23 मार्च 2017 को गांव में आयोजित शहीदी दिवस कार्यक्रम में ऐलान किया था कि गांव में शहीद स्मारक एवं म्यूजियम बनाया जाएगा।
———-
सरकार की ओर से नही मिल रहा कोई सहयोग
जसबीर सिंह बताते हैं कि बचपन से ही उनके मन में शहीदों के प्रति बहुत ज्यादा सम्मान हैं। उनका मानना है कि शहीद भगत सिंह को आज तक भी शहीद का दर्जा न मिलना यह दर्शाता है कि सरकारें शायद शहीदों की यादों को जीवित नही रखना चाहती। पिछले 6 वर्षों से वे इस ओर विशेष कदम आगे बढ़ा रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई रिस्पोंस न मिलने के कारण जसबीर ने अपनी जमीन में से ही जमीन देने का फैसला लिया।

कुछ यूं बनेगा म्यूजियम व स्मारक
जसबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 कनाल जगह में बनने वाले इस म्यूजियम का नक्शा तैयार किया जा चुका है। इसके लिए तीन मंजिला इमारत तैयार की जाएगी और शहीद भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव की लगभग 20 फूट ऊंची प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इतना ही नहीं इस स्थल पर कुरुक्षेत्र जिले के कारगिल युद्ध व उसके बाद शहीद हुए सैनिकों की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी, जिससे युवाओं को देश के लिए कुर्बान होने वाले शहीदों से प्रेरणा मिल सके। कुरुक्षेत्र जिला से शहीद हुए फौजियों की प्रतिमा भी बनाई जाएगी। इस स्थल पर एक विशाल पुस्तकालय भी बनाया जाएगा। वहीं स्मारक स्थल पर लाईट एंड साऊंड शो चलाने के बारे भी विचार विमर्श किया जा रहा है।
——–
गांव-गांव जाकर एकत्रित कर रहे ईंट व सीमेंट
जसबीर सिंह ने बताया कि शहीदों की याद समेटने की इस मुहिम में वे चाहते हैं कि हर कोई सहयोग करे। इसके लिए वे संस्था के सदस्यों के साथ मिलकर गांव-गांव में लोगों, पंचायतों व दुकानदारों के पास सहयोग की अपील लेकर जा रहे हैं। वे लोगों से ईंट, सीमेंट व अन्य मैटीरियल स्मारक बनाने के लिए ले रहे हैं।
Post Now India Post Now India