कैथल, 19 जून: हरियाणा सरकार की उपलब्धियों व जन कल्याणकारी नीतियों को आम जन तक पहुंचाने के लिए सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा विशेष प्रचार अभियान चलाया जा रहा है, जोकि आगामी 3 जुलाई तक चलाया जाएगा। विभाग की भजन पार्टियां, अनुबंधित भजन पार्टियां गांव-गांव जाकर लोगों को लोक गीतों तथा विकासात्मक गीतों के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियां दे रही हैं।
सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक समीर पाल सरो के निर्देशानुसार तथा उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी के मार्ग दर्शन में जिला में यह अभियान चलाया गया है। विभाग की 5 तथा सूचीबद्ध 5 भजन पार्टियों के माध्यम से जिला के सभी खंड कवर किए गए हैं। आगामी 3 जुलाई तक सभी गांवों, शहर के वार्ड को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। सभी भजन पार्टियां एक दिन में दो कार्यक्रम दे रही हैं। इस विशेष प्रचार अभियान से जहां आम जन को प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों की जानकारी मिल रही है, वहीं आम जन स्वच्छता, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्ति आदि सामाजिक विषयों के बारे में जागरूक हो रहे हैं। जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि विभाग के क्षेत्रीय अमले के साथ-साथ सूचीबद्ध भजन पार्टियों ने बुधवार को रमाणा-रमाणी, मटोर, कलासर, अजीतनगर, पोलड़, मांडी, डडवाना आदि गांवों में कार्यक्रम प्रस्तुत करके आम जन को जागरूक किया।
Post Now India Post Now India