करनाल 19 जून: सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने बुधवार को समिति की मासिक बैठक में उपस्थित हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण व नगर निगम के अधिकारियों को आगाह किया कि मानसून से पहले-पहले शहर के सभी सीवर मेन होल चैक किए जाएं, कोई खुला ना रहे, ताकि इनसे किसी प्रकार का हादसा ना हो। समिति की बैठक में प्रस्तुत कार्य सूची में, एक्शन लेने की बाट जो रहे लंबित व नए मामलों पर चर्चा के बाद उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी कार्य को जल्दी से जल्दी करने की बात करने की बजाए उसे एक निश्चित समयावधि में करें। उन्होंने कहा कि रोड़ सेफ्टी की मीटिंग का एक खास महत्व है, क्योंकि इसमें उठाए जाने वाले मुद्ïदों का सम्बंध जनता की दिक्कतों से होता है, जिन्हे दूर करना ही इसका उद्ïदेश्य है। हर मुद्ïदे को गम्भीरता से लें। प्रशासनिक स्वीकृति को लेकर कोई दिक्कत आड़े आती है, तो उसे संज्ञान में लाए, उसका समाधान होगा।
अतिरिक्त उपायुक्त अनिश यादव ने बताया कि बीते माह मई में आरटीए कार्यालय द्वारा ओवरलॉडिंग के 382 चालान कर 18 चालकों के लाईसेंस संस्पेंड किए गए, तिपहिया व ई-रिक्शा के 36 चालान भी किए गए और इन सबसे 1 करोड़ 8 लाख रूपये की राशि वसूल की गई। दूसरी ओर पुलिस विभाग के अधिकारी ने बताया कि गत माह में बिना हेल्मेट पहने दुपहिया वाहन चलाने वाले व्यक्तियों के 2073 चालान किए गए। इसी प्रकार रैड लाईट जम्पिंग के 25, ओवर स्पीड के 222, गलत पार्किंग के 148, गलत साईड ड्राईविंग के 215, गाडी चलाते समय मोबाईल प्रयोग के 79, शराब पीकर गाड़ी चलाने के 8, सीट बेल्ट ना लगाने के 514, दुपहिया पर तीन सवारी बैठाने के 174, गलत लेन में चलने वालों के 84 तथा एक स्कूल बस का भी चालान किया गया।
बैठक में लंबित मामलों पर विभागीय अधिकारियों द्वारा की गई कार्यवाही की समीक्षा के दौरान नगर निगम की कार्यकारी अभियंता मोनिका शर्मा ने उपायुक्त को बताया कि शहर के महात्मा गांधी चौक पर कंजैशन को खत्म करने के लिए इसका दोबारा डिजाईन बनाया गया है, जिस पर करीब 2 दिन बाद कार्य शुरू कर रहे हैं और यह लगभग 2 महीने में पूरा होगा। इसी प्रकार नमस्ते चौक पर दीनबंधु सर छोटू राम की प्रतिमा की बैक साईड से गुजरते सड़क के हिस्से को चोड़ा करना था। कार्यकारी अभियंता ने बताया कि फिलहाल यातायात को सुविधाजनक बनाने के लिए इसको रिपेयर करेंगे। उन्होंने एजेंडे में शामिल मुद्ïदों को लेकर नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि वे मॉडल टाऊन स्थित शहीद तेजिन्द्र सिंह पार्क के पास स्पीड ब्रेकर बनवाएं। इसी प्रकार ताऊ देवी लाल चौक पर दिल्ली की ओर से आकर मेरठ रोड़ पर जाने वाले वाहनो के लिए स्लिप रोड़ बनवाने के भी निर्देश निगम अधिकारियों को दिए गए। उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग (सड़के) के अधिकारी से कहा कि वे शहर के आईटीआई चौक पर दिल्ली की ओर मुडने वाली जगह पर गंदे व बरसाती पानी की ड्रेन और फुटपाथ बनाने की कार्यवाही अमल में लाएं। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से कहा कि शहर की व्यस्त जगहों पर गलत पार्किंग में खड़े वाहनों को उठाने के लिए दो नए वाहन खरीदकर ट्रेफिक पुलिस को दे दिए जाएं।
सड़क सुरक्षा समिति की आज की बैठक के लिए तैयार एजेण्ड़ा में शामिल नए मुद्ïदों पर कार्यवाही की भी चर्चा की गई। इसके तहत घरौंडा व बलड़ी बाईपास पर, पैदल यात्रियों के लिए बनाए गए अंडरपास में पानी भर जाने की समस्या के समाधान के लिए एनएचएआई के अधिकारियों को अंडरपास में स्लोप देकर ड्रेन अथवा नाली बनाने के निर्देश दिए। करनाल-मूनक रोड़ पर बडौदा गांव के निकट सड़क की परिधि में आए बिजली के खम्बों को उखाड़ेे जाने से उत्पन्न हॉल अथवा गढ्ïढों को भरने के लिए उपायुक्त ने पीडब्ल्यूडी (बी एंड आर) के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने मार्किटिंग बोर्ड के अधिकारियों से कहा कि वे करनाल से काछवा जाने वाली रोड़ के एक क्षतिग्रस्त हिस्से की रिपेयर कर वहां पानी भरे रहने की समस्या को दूर करें। उन्होंने कहा कि काछवा से तरावड़ी जाने वाले मार्ग पर स्थित भाखड़ा कैनाल के पुल पर लगाई गई रेलिंग टूट जाने के बाद वहां नई रेलिंग लगाई जाए।
बैठक में शहर के विभिन्न चौक-चोराहों पर लगी रैड लाईट्ïस के खराब रहने के मुद्ïदे को समिति के गैर-सरकारी सदस्यों ने जोर-शोर से उठाया। इस पर उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारी को निर्देश दिए कि वे इसे ठीक करवाएं तथा जिस कम्पनी को मेन्टेनेंस या रिपेयर का ठेका दें, उसमें कम से कम अवधि में ठीक किए जाने की कंडीशन होनी चाहिए। ओल्ड सब्जी मण्ड़ी में अवैध रूप से लगाई गई फलों की रेहडिय़ों का मुद्ïदा भी काफी देर तक चर्चा में बना रहा। निगम की कार्यकारी अभियंता मोनिका शर्मा ने बताया कि यहां स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत मल्टी स्टोरी पार्किंग बननी है, फिलहाल जनता की सुविधा के लिए इसे पार्किंग स्थल बनाया गया है, लेकिन दो बार टैण्डर लगाने के बाद भी कोई ठेकेदार आगे नही आया। उन्होंने कहा कि नगर निगम पूर्व की भांति यहां खड़ी होने वाली रेहडिय़ों को हटवाएगा, ताकि बाजार में आने वाले लोग अपने वाहनो को आसानी से यहां पार्क कर सकें।
आज की बैठक में गैर-सरकारी सदस्यो ंकी ओर से कुछ नए मुद्ïदे भी उठाए गए। टैगोर बाल निकेतन के प्राचार्य राजन लाम्बा ने कहा कि करनाल-कुंजपुरा रोड़ पर गढ्ïढों को भरवाया जाए। नगर निगम की ओर से शहर के सभी स्कूलों के आगे स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएं। सदस्य संदीप लाठर ने बताया कि सैक्टर-12 से सैक्टर-13 की तरफ जाने वाली सड़क पर, लघु सचिवालय के गेट के समक्ष आदर्श डिजाईन से बनाए गए स्पीड ब्रेकर की तर्ज पर एक नया बैरियर बनवाया जाए। सदस्य लाजपत राय चौधरी ने कहा कि एनएच-44 पर स्थित फ्लाईओवर की दीवारों पर सुंदर पेंटिंग बनाई गई हैं, लेकिन उनके नीचे कूड़ा जमा हो गया है, उसकी सफाई करवाई जाए। सभी सदस्यों ने एक सुर में कहा कि शहर में बड़ी संख्या में चलाई जा रही ई-रिक्शा ट्रैफिक नियमो का पालन नहीं करती और जनता के लिए असुविधा पैदा करती हैं, इनके चालान किए जाएं। उपायुक्त ने सदस्यों की ओर से प्रस्तुत मुद्ïदों को सुनने के बाद सम्बंधित अधिकारियों को इनका समाधान निकालने के निर्देश दिए।
बैठक में करनाल, इन्द्री व घरौंडा के एसडीएम के अतिरिक्त रोड़ सेफ्टी एसोसिएट भी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India