कैथल, 26 जून: जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन तथा जिला एवं सत्र न्यायधीश एम.एम.धौचक के मार्गदर्शन में प्राधिकरण द्वारा आमजन को जल संरक्षण हेतू जागरूक करने के लिए कानूनी साक्षरता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत गांव मानस में शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पैनल अधिवक्ता राकेश ढुल व पराविधिक स्वंय सेवक पंकज कुमार ने भाग लिया। पैनल अधिवक्ता ने शिविर में बताया कि जल प्रकृति की अनमोल धरोहर है, बिना पानी जीवन संभव नही है। पीने के लिए शुद्ध जल हमारे लिए जरूरी है, क्योंकि स्वच्छ एवं सुरक्षित जल अच्छे स्वास्थ्य की निशानी है। आजकल कइ जगहों पर लोगों को पेयजल के लिये मीलों भटकना पड़ रहा है। जल संकट हमारे पूरे दैनिक जीवन को प्रभावित करता है। इस मसले पर प्राथमिकता से ध्यान दिए जाने की जरूरत है। जल संरक्षण ही इसका एक मात्र समाधान है। शिविर में जल संरक्षण के उपाय भी बताए गये और इसके साथ उपस्थित लोगों के पर्यावरण के बारे में जागरूक किया और सभी से अपील की कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में पेड़ लगायें ताकि सभी को स्वच्छ वातवरण मिले। उन्होंने बताया कि जिन व्यक्तियों की आय सभी साधनों से 3 लाख रूपए से कम है वे व्यक्ति न्यायालय में अपने मुकदमों के लिए मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं, जिसके लिए वे जिला वैकल्पिक विवाद समाधान केन्द्र में सम्पर्क कर सकते है या किसी भी तरह की कानूनी जानकारी प्राप्त करने के लिए हैल्पलाईन नंबर 01746-235759 पर फोन कर सकते हैं।
Post Now India Post Now India