कैथल, 31 जुलाई: करनाल मंडल के आयुक्त विनीत गर्ग ने उपायुक्त कार्यालय में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष पुन:रीक्षण के तहत बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सभी बूूथ लेवल एजैंट नियुक्त करके उसकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा करवाएं। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह, एसडीएम गुहला शशि वंशुधरा, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडिया, तहसीलदार छोटू राम, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी रोजी, कंचन लता आदि मौजूद रहे।
मंडलायुक्त विनीत गर्ग ने कहा कि एक जनवरी 2019 को क्वालिफाईंग तिथि मानकर फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष द्वितीय पुन:रीक्षण कार्यक्रम चलाया गया। इस दौरान गुहला विधानसभा क्षेत्र से 1975, कलायत से 1653, कैथल से 3360 तथा पूंडरी से 1545 लोगों ने फार्म नंबर 6 भरकर नई वोट बनवाने के लिए आवेदन किया है। बैठक में विशेष अभियान के तहत भरे गए फार्म नंबर 6, 7, 8 व 8 ए इत्यादि फार्म की रूप रेखा स्थित अन्य महत्वपूर्ण बिंदूओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि फार्म 7 के तहत वोट काटने की सूची के बारे में प्रचार-प्रसार किया जाए। जितने भी जिला में बूथ है, उन सभी को चैक करके व्यापक प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिला कैथल में 7 लाख 54 हजार 298 मतदाता हैं, जिनमें से 4 लाख 3 हजार 463 पुरूष, 3 लाख 50 हजार 828 महिला तथा 7 ट्रांसजैंडर मतदाता हैं। इसी प्रकार 2612 सर्विस वोटर है तथा 8 हजार 541 दिव्यांग मतदाता हैं। चारों विधानसभा क्षेत्रों में 795 बूथ स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने जिला चुनाव कार्यालय द्वारा 15 जुलाई 2019 के प्रकाशन के बाद बनाई नई वोटर लिस्ट को भी चैक किया। उन्होंने कहा कि इलैक्ट्रोल रोल सीईओ हरियाणा की वैबसाईट पर भी है। उन्होंने निर्देश दिए कि बनाई गई नई सूची सभी राजनैतिक दलों के ईमेल आईडी तथा दस्ती भी भिजवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी बूथों पर व्यापक प्रबंध किए जाएं, ताकि किसी भी मतदाता को दिक्कत नही हो। दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष रैंप व अन्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। सभी बीएलओ दिव्यांग मतदाताओं की सूची संबंधित निर्वाचन क्षेत्रानुसार अपलोड करना सुनिश्चित करें। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह ने कहा कि सभी निर्वाचन क्षेत्रों की फार्म नंबर 7 की सूची प्रकाशित करवाई जा रही है। जिला कैथल के सभी मतदान केंद्रों की फिजिकल वैरीफिकेशन करवा ली गई है तथा सभी मतदान केंद्र मतदान के योग्या हैं। जिन दिव्यांग मतदाताओं की सूची समाज कल्याण विभाग से मिली है, उन सभी को ईआरओ नेट पर अपलोड कर दिया गया है। इस अवसर पर बीजेपी के प्रतिनिधि रामपाल राणा, कांग्रेस के प्रतिनिधि रोशन लाल, डीआईओ दीपक खुराना, शमशेर सिंह, सुदेश, रमेश कुमार, राजेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India