गुहला-चीका, 6 अगस्त: उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि सभी अधिकारी पूरी ईमानदारी व निष्ठïा से कार्य करें। आमजन को दी जाने वाली सेवाओं का लाभ अबिलम्ब देना सुनिश्चित करें। सरकारी कार्यालयों में कार्य करवाने के लिए आने वाले किसी भी व्यक्ति को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। गुहला क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को तेजी से पूरा करें और कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। लापरवाही करने वाले अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डा. प्रियंका सोनी गुहला-चीका स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण करने के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रही थी। उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान एसडीएम कार्यालय, तहसील, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, नगरपालिका, मार्केट कमेटी, खजाना कार्यालयों का दौरा करके बारिकी से औचक निरीक्षण किया और विभागों द्वारा दी जा रही सेवाओं के बारे में फीडबैक ली। इतना ही नहीं आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिïगत प्रस्तावित बनने वाले मतगणना केन्द्र के लिए राजकीय कन्या महाविद्यालय तथा डीएवी कालेज का दौरा करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान सबसे पहले एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय के कर्मचारियों को निर्देश दिये कि सी.एम. विंडो व अन्य सेवाओं के लिए आने वाले व्यक्तियों की शिकायत तुरन्त दर्ज की जाए ताकि उसपर समयानुसार कार्यवाही की जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के आदेश दिए कि कार्यालय की समय पर रिपेयर आदि का कार्य समय पर करें और साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके उपरांत उपायुक्त ने अंत्योदय सरल केन्द्र का दौरा किया और आमजन को दी जाने वाली सभी सेवाओं व योजनाओं के बारे में बनाएं गए अलग-अलग काउंटर का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि आमजन के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं। इस अवसर पर उन्होंने केन्द्र में लोगों से बातचीत की और दी जाने वाली सेवाओं के बारे में फीडबैक हासिल की। उपायुक्त ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण करते हुए कहा कि कार्यालय के अंदर किसी भी कर्मचारी व आगंतुक के वाहन परिसर के अन्दर नहीं होने चाहिए। उन्होंने तहसील कार्यालय के रिकार्ड रूम तथा ऑन लाईन किए जाने वाले रिकार्ड के बारे में भी जानकारी हासिल की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुरानी तहसील में पहुंचे । यहां पर बनने वाले प्रस्तावित आवासीय क्षेत्र के बारे में जानकारी हासिल की। लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंन्ता राजकुमार ने बताया कि इस स्थान पर उपमंडलाधीश, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित श्रेणी तीन के लिए आवसीय भवन बनाए जाएंगे, जिसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा चुका है। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि होने वाले कार्यों में किसी प्रकार की कौताही नहीं होनी चाहिए और कार्य गुणवत्ता पूर्वक होना चाहिए। उपायुक्त ने गुहला में बन रहे नगरपालिका भवन व आवासीय स्थल का दौरा किया। निर्माणाधीन नगरपालिका भवन के कार्य की गति को देखते हुए उपायुक्त ने कहा कि कार्य धीमी गति से चल रहा है, इसे जल्द पूरा किया जाए। आगामी माह तक इस भवन का कार्य छत लेवल तक पहुंच जाना चाहिए। आगामी दौरे के दौरान यह कार्य पूरा हो जाना चाहिए । इस कार्य में ढिलाई करने वाले संबंधित ठेकेदार के आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने निर्माणाधीन आवासीय भवन के कार्य का अवलोकन करते हुए कहा कि सभी कार्यों में निर्माण सामग्री तय मापदण्डों के अनुसार लगाई जानी सुनिश्चित करें। आवासीय क्षेत्र के ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों के संबंध में उपायुक्त ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के अन्दर इसे शिफट किया जाए।
इस मौके पर आमजन द्वारा फोर लेन के निर्माण कार्य तथा बस स्टैण्ड पर बसे नहीं आने के संदर्भ में रखी गई मांग पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने मौके पर ही जी.एम. रोड़वेज को निर्देश दिए कि सभी बसे चौंक की बजाए बस स्टैण्ड पर आए। इतना ही नहीं आरटीए को भी निर्देश दिए की प्राईवेट बसे भी बस स्टैण्ड पर आएं। फोर लेन की साईडो को जल्द पूरा करने के संदर्भ में उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश कि आगामी सप्ताह तक कार्य शुरू हो जाना चाहिए। उपायुक्त ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी के कार्यालय का भी निरीक्षण किया और बन रहे नए भवन का भी अवलोकन किया। मार्केट कमेटी कार्यालय में कर्मचारियों की हाजरी रजिस्टर को चैक किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर सभी किसानों का ऑन लाईन डाटा अपलोड करना सुनिश्चित करें ताकि संबंधित किसानों को इसका लाभ मिल सके। इस मौके पर उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के जितने भी विकास कार्य क्षेत्र में चल रहे हैं, उन्हें अबिलम्ब पूरा किया जाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर एसडीएम शशि वसुंधरा, बीडीपीओ राजकुमार चानना, कार्यकारी अभियन्ता राजकुमार, प्रशांत, नायब तहसीलदार वीरेन्द्र कुमार, नपा सचिव सुशील कुमार, मार्किट कमेटी सचिव विरेन्द्र मेहता सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India