करनाल 21 अगस्त, नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने 498 बीपीएल कार्ड वितरित करते हुए कहा कि आज मुख्यमंत्री ने जरूरतमंद परिवारों को बड़ी सौगात दी है। जरूरतमंद परिवार बीपीएल की श्रेणी में आने के लिए नेताओं व अफसरों के चक्कर काटते थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उनके घर-द्वार पर ही उनकी जरूरतों को पूरा करके इन परिवारों के स्वाभिमान को बढ़ाया है।
विधायक बुधवार को नीलोखेड़ी के बीडीपीओ कार्यालय में हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित बीपीएल कार्ड वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने सबसे पहले करीब 40 पात्र बीपीएल परिवारों को कार्ड वितरित किए उसके बाद उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बिना किसी भेदभाव के पांच साल कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल में ऐसे परिवारों का स्वाभिमान बढ़ाया है जो समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े थे। विपक्ष की सरकार केवल इन लोगों से वोट की राजनीति करते थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बिना किसी वायदे के गरीबों की लड़कियों के लिए हरियाणा रोडवेज की बसों में किराया मुफ्त, उज्ज्वला योजना के तहत घर-घर गैस कनैक्शन देकर एक भले का काम किया है। विधायक ने कहा कि आने वाले समय में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता से वायदा किया है कि जो भी विकास कार्य शेष रह गए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। इतना ही नहीं आने वाले पांच साल में विकास की रफ्तार को दोगुना किया जाएगा।
इस मौके पर एसडीएम नरेन्द्र पाल मलिक, बीडीपीओ राजकुमार, चेयरमैन मार्किट कमेटी जयभगवान सीकरी, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक जीवन सिंह टूरण व तरावड़ी के देवेन्द्र मान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बॉक्स: विधायक ने लोगों को जन आशीर्वाद यात्रा के स्वागत के लिए दिया निमंत्रण
विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने इस मौके पर उपस्थित सभी से कहा कि मुख्यमंत्री कल 22 अगस्त को करीब सुबह 10 बजे नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र में जन आशीर्वाद यात्रा लेकर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री का स्वागत शामगढ़ गांव में किया जाएगा, वहां पर मुख्यमंत्री क्षेत्र के लोगों को संबोधित भी करेंगे। उन्होंने सभी से मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम में पहुंचने का आग्रह भी किया।
Post Now India Post Now India