करनाल 14 सितम्बर: विधानसभा चुनाव को लेकर भारत चुनाव आयोग की ओर से लागू की जाने वाली आदर्श आचार संहिता की आहट के साथ ही करनाल नगर निगम ने शुक्रवार रात निगमायुक्त निशांत कुमार यादव के निर्देश पर शहर में लगे विज्ञापन व दूसरी तरह के होर्डिंग/फ्लैक्स बोर्ड उतारने की कार्रवाई की। सुबह होते ही सडक़ों व बाजारों में नजारा कुछ ओर ही था, यानि जहां डिवाईर या खम्बों पर बड़ी संख्या में छोटे-बड़े होर्डिंग लगे थे, सभी नदारद मिले। इस दौरान जनता को जागरूक करने वाले सडक़ सुरक्षा के नियमो जैसे होर्डिंग्स को नहीं उतारा गया।
शहर के अस्पताल चौक से जैसे ही होर्डिंग उतारने की कार्रवाई प्रारम्भ हुई, निगमायुक्त निशांत कुमार यादव ने पहले इस कार्य को करने वाले स्वच्छता प्रहरियों को समझाया और कहा कि होर्डिंग उतारते वक्त सडक़ों पर यातायात में किसी तरह का व्यवधान ना हो, अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखें। कोई किसी तरह की बात करे, तो नम्रता से पेश आएं। रोड़ सेफ्टी इत्यादि के होर्डिंग के अलावा ओर किसी के ना छोड़ें, ताकि इस मामले में कोई भेदभाव जैसी बात ना हो। विज्ञापन के होर्डिंग कहीं भी नजर नहीं आने चाहिएं।
इसके पश्चात टीम ने अपनी कार्रवाई अस्पताल चौक से ही प्रारम्भ कर दी। हटाए गए होर्डिंग को लोड करने के लिए निगम के 3 टिप्पर और 3 ट्रैक्टर-ट्राली काम में लिए गए थे। उतारे गए होर्डिंग को निगम के स्लाटर हाऊस और मेरठ रोड़ स्थित स्टोर में पहुंचाया गया। मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा की देखरेख में शहर के विभिन्न मार्गों से होर्डिंग उतारने की कार्रवाई रातभर चलती रही, जिसमें कर्ण गेट से कुंजपुरा रोड़, अग्रसेन चौक से कमेटी चौक, अस्पताल चौक से निर्मल कुटिया चौक, पुरानी सब्जी मण्ड़ी रोड़ पर मुगल कैनाल पुलिया से रेलवे स्टेशन तक तथा मीरा घाटी से नमस्ते चौक मार्ग से होर्डिंग/फ्लैक्स बोर्ड उतारे गए।
निगमायुक्त के अनुसार चुनाव में आदर्श आचार संहिता का पालन सबके लिए जरूरी है, इसके लिए समय रहते कार्रवाई कर लेनी चाहिए। इसी के चलते होर्डिंग उतारने की कार्रवाई अमल में लाई गई है, ताकि चुनाव आदर्श आचार संहिता की घोषणा होते ही होर्डिंग को लेकर उल्लंघन जैसी बात ना आए। उन्होंने बताया कि बीती रात्रि के अलावा निगम क्षेत्र में जहां भी होर्डिंग लगी होंगी, उन्हें भी उतारा जाएगा।
Post Now India Post Now India