घरौंडा/करनाल 15 सितम्बर, घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण ने जीटी रोड से अर्पणा अस्पताल पर जाने वाली सडक़ का उद्घाटन किया। इस सडक़ के निर्माण कार्य पर करीब 11 लाख रुपये की लागत आई है। विधायक ने उसके बाद कोहंड गांव में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया।
विधायक हरविन्द्र कल्याण ने रविवार को कोहंड गाँव मे चल रहे निर्माण कार्यो में 18 लाख की लागत से बन रही ब्राह्मण चौपाल, 12 लाख की लागत से प्रजापत चौपाल, 42 लाख की लागत से सामुदायिक केंद्र, 15 लाख की लागत से गोस्वामी चौपाल, 8 लाख की लागत से पाल चोपाल, 18 लाख की लागत से रबारी पाना चौपाल चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
विधायक ने कहा कि हरियाणा प्रदेश के गठन के बाद पहली बार बनी भाजपा की पूर्ण बहुमत सरकार ने वायदों से बढक़र काम किया है और लोगों की उम्मीदों एवं आकांक्षाओं पर सरकार खरा उतरी है। यही कारण है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने प्रदेश की सभी 10 सीटों पर प्रचंड जीत के साथ एक इतिहास कायम किया है और अब आने वाले विधानसभा चुनाव में भी 75 प्लस का आंकड़ा पार कर एक नया रिकार्ड बनाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक तथा सबका साथ-सबका विकास के ध्येय के साथ सभी का विश्वास जीतने का काम किया है। सरकार ने बिजली, सडक और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
विधायक ने कहा कि अब प्रदेश के 15 हजार रुपये की मासिक आय वाले परिवार का बीपीएल की श्रेणी में शामिल किया जाएगा, इस परिवार को कहीं चक्कर काटने की जरूरत नहीं वह संबंधित विभाग को अपनी आय का प्रमाण देकर और उसका बीपीएल कार्ड बनवा सकते हैं परंतु ऐसे अपात्र व्यक्ति जिनकी आय 15 हजार रुपये मासिक से अधिक है उन्हें भी अपना बीपीएल श्रेणी से हटवाना चाहिए ताकि अन्य पात्र को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों 56 हजार परिवारों को सार्वजनिक रूप से बीपीएल कार्ड वितरित किए हैं ताकि इन परिवारों का जीवनयापन सरल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि पहले बीपीएल की श्रेणी में आने के लिए परिवारों को काफी मशक्कत करनी पड़ती थी नेताओं के चक्कर लगाने पड़ते थे जिसके कारण अपात्र लोगों को भी इसका लाभ मिलता था और पात्र परिवार रह जाते थे। परंतु सरकार ने निर्णय लिया है कि 15000 रुपये मासिक आय वाले परिवार को बीपीएल की श्रेणी में लाएंगे उसका आवेदन के बाद सर्वे किया जाएगा। यदि सर्वे में सब ठीक पाया गया तो उसको बीपीएल श्रेणी का लाभ दिया जाएगा, किसी भी व्यक्ति को कहीं भागने की जरूरत नहीं है।
इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी, सरपंच कोहंड सतपाल, सरपंच कुटेल सन्दीप कल्याण, पूर्व सरपंच कोहंड संजय रावल, सुभाष शर्मा पूर्व जिला पार्षद, बिरम गुज्जर, रामु, विपिन मित्तल, प्रेम शर्मा, राजसिंह, एसडीओ पंाचयती राज नारायन दत्त, महेंद्र सिंह, पवन रोहिल्ला, कर्म सिंह कल्याण आदि उपस्थित रहे।
Post Now India Post Now India