कैथल, 17 सितम्बर: उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश श्री सुरेश राविश ने विधानसभा चुनाव हेतू गठित की गई विभिन्न टीमों के पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे आगामी विधानसभा चुनाव को गंभीरता से एवं एकजुटता से सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाएं। विधानसभा चुनाव में लोकसभा चुनाव की अपेक्षा ज्यादा कार्य होता है। जिला प्रशासन द्वारा सभी टीमों को पूरा मार्गदर्शन एवं सहयोग दिया जाएगा।
श्री सुरेश राविश स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में आगामी विधानसभा चुनाव हेतू जिला प्रशासन गठित की गई समितियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गत लोकसभा चुनाव के दौरान सभी टीमों के पदाधिकारियों ने अच्छा कार्य किया था तथा लोकसभा चुनाव के दौरान हुए अनुभव का विधानसभा चुनाव में फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिला विज्ञान एवं सूचना अधिकारी द्वारा पर्याप्त संख्या में कम्प्यूटर एवं अन्य उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे ताकि किसी भी टीम को चुनाव के दौरान कोई परेशानी न हो। उन्होंने बैठक में मौजूद ग्राम सचिवों से कहा कि वे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही अपने संबंधित क्षेत्र में प्रचार समाग्री को हटवाएं। जिला प्रशासन द्वारा सभी टीमों के पदाधिकारियों को समय-समय पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी की जाने वाली हिदायतों की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रिंट एवं इलैक्ट्रोनिक मीडिया तथा सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए एमसीएमसी का गठन किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा चुनाव प्रचार में प्रयुक्त होने वाली वस्तुओं आदि के दाम निर्धारित किए जा रहे हैं ताकि चुनाव प्रचार के दौरान प्रयोग की गई वस्तुओं के दाम के आधार पर संबंधित उम्मीदवार के खर्च में इस चुनाव प्रचार के खर्च को जोड़ा जा सके। विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार के लिए 28 लाख रुपये चुनाव खर्च की सीमा निर्धारित की गई है।
कैथल सहकारी चीनी मिल के मुख्य लेखाधिकारी श्री कैलाश ने चुनाव के दौरान खर्च की निगरानी के लिए गठित की गई विभिन्न टीमों एवं इन टीमों की कार्य प्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा क्षेत्र पर चुनाव खर्च पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे। उम्मीदवारों द्वारा चुनाव प्रचार पर किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के खर्चों की निगरानी के लिए विडियो सर्विलैंस टीम, विडिया व्यूविंग टीम के अतिरिक्त अन्य टीमें भी गठित की जाएंगी।
चुनाव कानूनगो शमशेर सिंह ने कहा कि आयोग द्वारा शीघ्र ही विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी, जिसके साथ ही आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि गत लोकसभा चुनाव के दौरान सभी टीमों ने अपनी जिम्मेवारी को सही तरीके से निभाया है। इस अवसर पर विभिन्न टीमों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India