कैथल, 03 जनवरी। नवनियुक्त उपायुक्त सुजान सिंह ने कहा कि सिंचाई विभाग द्वारा बाढ़ से बचाव के लिए एक करोड़ 93 लाख 95 हजार के कार्यों का एजेण्डा तैयार कर दिया गया है। इस प्रस्तावित राशि से घग्गर के नजदीक लगते भाटियां, उरलाना, घोग, कसौर आदि गांवों के पास स्टोन पिंचिंग, स्टोन स्डड, पाईप लाईन आदि कार्य किया जाएगा। जिसके पूर्ण होने से आसपास के सभी गावोंं को संभावित बाढ़ से राहत मिलेगी। उपायुक्त सिंचाई विभाग व राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ इन स्थानों का दौरा करने के दौरान यह जानकारी दी। इससे पहले उपायुक्त ने लोक निर्माण विश्राम गृह में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें जरूरी दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त ने दौरे के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृति मिलते ही सभी कार्य शुरू हो जाने चाहिए और आगामी मानसून सीजन से पहले मुकम्मल हो जाने चाहिए। उपायुक्त ने सबसे पहले भाटिया गांव के घग्गर के बांध पर किए जाने वाले स्टॉन पिचिंग कार्य का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने होने वाले स्टॉन पिचिंग के कार्य पर संतोष जाहिर किया और कहा कि इस कार्य के पूरा हो जाने से संभावित बंध कटाव से बचा जा सकेगा। उपायुक्त ने कहा कि स्टॉन पिचिंग का कार्य 500 फुट क्षेत्र में किया जाएगा, जिस पर 23 लाख 18 हजार रूपए की राशि खर्च की जाएगी। इसके बाद उपायुक्त ने उरलाना गांव के पास घग्गर नदी के किनारे होने वाले स्टॉन स्डड के कार्य का निरीक्षण किया। इस कार्य पर 74 लाख 77 हजार रूपए की राशि खर्च की जाएगी। उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय मापदण्डों के अनुसार और गुणात्मक दृष्टि से सही होने चाहिए। गांव उरलाना में ही 1800 फुट अण्डरग्राउंड पाईप लाईन बिछाने का कार्य किया जाएगा ताकि संभावित बाढ़ के पानी को निकाला जा सके। इस कार्य पर 25 लाख 12 हजार रूपए की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सभी व्यवस्थाएं संपूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को पूरा लाभ मिलेगा। गांव उरलाना के लोगों ने यह सब कार्य करवाने पर सरकार का धन्यवाद भी किया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कहा कि इन कार्यों की मांग वर्षों पुरानी लम्बित है जो अब पूरी होगी। इसके बाद उपायुक्त ने गांव घोघ में 70 लाख 88 हजार रूपए की राशि से होने वाले बाढ़ बचाव के कार्यों का भी निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद ग्रामीणों से बातचीत की।
बॉक्स
शहर में दुरूस्त की जाए यातायात व्यवस्था
उपायुक्त सुजान सिंह ने लोक निर्माण विश्राम गृह में अधिकारियों की बैठक के दौरान उप-पुलिस अधीक्षक किशोरी लाल को निर्देश दिए कि शहर में यातायात की व्यवस्था सुचारू रूप से होनी चाहिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही निरन्तर होनी चाहिए। विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर उल्लंघना करने वालों के चालान किए जाए। इसके साथ-साथ आमजन को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया जाए।
Post Now India Post Now India