करनाल 14 दिसम्बर। करनाल नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न प्रवेश स्थलों पर धर्म-संस्कृति तथा महापुरूषों के नाम पर बनाए जा रहे द्वारों से इस शहर का वैभवशाली इतिहास जीवंत होगा। भावी पीढ़ी इनसे प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सत्य, अहिंसा और वीरता के गुणों को आत्मसात कर सकेगी। निर्माणाधीन द्वारों का काम तेजी से हो रहा है, जबकि श्रीमद् भगवद् गीता द्वार तो मुकम्मल भी हो गया है। इनके पुर्ण हो जाने से स्मार्ट सिटी के सौंदर्य में चार चांद लगेंगे। नगर निगम आयुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि शहर के 4 अलग-अलग प्रवेश स्थलों पर विशाल द्वारों पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि बलड़ी बाईपास पर श्रीमद् भगवद् गीता द्वार बनकर तैयार है। करीब 20 फुट ऊंचे भव्य द्वार पर भगवान श्री कृष्ण के विराट रूप की प्रतिमा स्थापित की गई है, द्वार का नाम भी भगवद् गीता के नाम पर है। आयुक्त ने आगे बताया कि करनाल-मेरठ रोड़ पर हाईवे के निकट पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर बनाए जा रहे द्वार/गेट का कार्य भी प्रगति पर है। दीनदयाल उपाध्याय एक महान समाज सुधारक थे। वे समावेशित विचारधारा के समर्थक होने के साथ-साथ मजबूत व सशक्त भारत का निर्माण चाहते थे। उन्होंने बताया कि इस गेट के कॉलम बनाने का काम पूरा हो चुका है, ऊपर बीम डालने का काम चल रहा है। इस द्वार का करीब 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, शेष कार्य भी शीघ्र मुकम्मल कर लिया जाएगा। आयुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि तीसरा द्वार शहर के प्रसिद्ध नमस्ते चौक पर राजा कर्ण के नाम से निर्माणाधीन है और इसका भी काफी काम पूरा हो चुका है। इस द्वार पर कॉलम व बीम डालने का काम पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि अगले एक-दो महीनो में यह भी अपनी पुर्णत: की ओर होगा। उन्होंने बताया कि चौथा द्वार करनाल-इन्द्र्री रोड़ पर नए बस स्टैण्ड़ से कुछ ही दूरी पर निर्माणाधीन है। यह महाप्रभावी श्री घंटाकर्ण द्वार के नाम से बन रहा है। ज्ञात रहे कि गेट के पास ही जैन मुनि के नाम पर एक आराधना मंदिर भी स्थापित है। उन्होंने बताया कि भव्य द्वार/गेट धर्म, संस्कृति और इतिहास का अद्भुत संगम होने के साथ-साथ शहर के सौंदर्यकरण में भी इजाफा लेकर आएंगे। नगर निगम की ओर से इन पर अच्छी तरह से रंग-रोगन कर सभी गेटों के नाम से जुड़े महापुरूषों की फाईबर युक्त भव्य प्रतिमाएं भी लगाई जाएंगी। द्वारों पर धौलपुरी पत्थर के साथ-साथ ग्रेनाईट स्टोन का भी प्रयोग किया जाएगा। रात्रि के समय रंगीन लाईटों से द्वारों की छटा अलग स्वरूप में दिखाई देगी।

Post Now India Post Now India