कुरुक्षेत्र । थानेसर के एसडीएम अश्वनी मलिक ने कहा कि सूर्य ग्रहण मेले को लेकर पूरे मेला क्षेत्र को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 20 सैक्टरों में विभाजित किया जाएगा। इसमें ब्रहमसरोवर को 6 सैक्टरों, सन्निहित सरोवर को एक सैक्टर और पूरे शहर को 13 सैक्टरों में बांटा जाएगा। इन सभी क्षेत्रों में डयूटी मैजिस्ट्रेट और नोडल अधिकारियों की नियुक्ति जल्द कर दी जाएगी। इतना ही नहीं प्रशासन का ट्रैफिक व्यवस्था पर सबसे ज्यादा ध्यान रहेगा।
वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में सूर्य मेले-2019 की तैयारियों को लेकर समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले एसडीएम ने अधिकारियों से अभी तक सूर्य ग्रहण मेले को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की और सभी अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में तैयारियां पूरी करने के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में सूर्य ग्रहण मेले का आयोजन 26 दिसम्बर को प्रात: 8 बजकर 15 मिनट से 10 बजकर 55 मिनट तक किया जाएगा। इस सूर्य ग्रहण मेले में देश-विदेश से करीब 15 लाख श्रृद्घालुओं के पहुंचने की सम्भावना है। मेले में श्रृद्घालुओं के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मेले में करीब 5 हजार पुलिस कर्मियों की डयूटी होगी और करीब 10 किलोमीटर में बैरिगेटिंग की जाएगी। इस मौके पर समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।
Post Now India Post Now India