कुरुक्षेत्र 14 दिसंबर। न्यूजीलैंड निवासी एवं भारतीय खेल प्राधिकरण कुरुक्षेत्र के पूर्व हॉकी खिलाडी गुरबाज सिंह ने कहा कि विदेशी धरती पर भी कुरुक्षेत्र के हॉकी खिलाडियों की पूरी धाक है। इस पावन धरा से प्रशिक्षण लेने वाले खिलाडी ने हमेशा एक मुकाम हासिल किया है, लेकिन इस मुकाम को हासिल करने के लिए खिलाडी को पूरी मेहनत और लग्न के साथ कार्य करना होगा। वे देर सायं द्रोणाचार्य स्टेडियम में साई द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि के रूप में बोल रहे थे। इससे पहले गुरबाज सिंह ने अपनी तरफ से साई की युवा हॉकी टीम को बेहतरीन किटें वितरित की। यहां पहुंचने पर साई के इन्चार्ज एवं वरिष्ठ हॉकी कोच गुरविन्द्र सिंह ने गुरबाज सिंह का स्टेडियम पहुंचने पर पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। हॉकी खिलाडी गुरबाज सिंह ने कहा कि साई के स्टेडियम में हॉकी का प्रशिक्षण ग्रहण करने के उपरांत इन्टर यूनिर्विसटी और कई बडी प्रतियोगिताओं में खेलने का अवसर मिला। इससे उनके जीवन में एक नया मोड आया और अनुशासन की शिक्षा ग्रहण करने के उपरांत वे उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए न्यूजीलैंड पहुंचें है। उन्होंने कहा कि युवा हॉकी खिलाडियों को सरकार की तरफ से द्रोणाचार्य स्टेडियम में हर प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवाई है, इसलिए सभी को खूब मेहनत और लग्न के साथ हॉकी का अभ्यास करना चाहिए। जो खिलाडी नियमित रूप से अभ्यास करेगा वह निश्चित ही एक मुकाम हासिल करेगा। समय-समय पर युवा खिलाडियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। साई इन्चार्ज गुरविन्द्र सिंह ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि गुरबाज सिंह उनके खेल प्रागंण के एक अच्छे खिलाडी रहे है। उन्होंने कई बडी प्रतियोगिताओं में भाग लिया और कुरुक्षेत्र का नाम रोशन किया। अब न्यूजीलैंड में शिक्षा ग्रहण कर रहे है लेकिन वहां पर भी कुरुक्षेत्र हॉकी का नाम रोशन कर रहे है।
खिलाड़ियों संग खड़े पूर्व हॉकी खिलाड़ी