कैथल, 3 मार्च : उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद की अध्यक्षा डॉ. प्रियंका सोनी ने स्थानीय बाल भवन में महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए संचालित की जा रही सेवाओं का निरीक्षण किया तथा जिला बाल कल्याण अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। परिषद द्वारा महिलाओं को विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण प्रदान करने के अतिरिक्त बच्चों के सर्वांगिण विकास के लिए भी गतिविधियां संचालित की जाती हैं।
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बाल भवन में संचालित किए जा रहे ऑपन शैल्टर होम का निरीक्षण किया तथा यहां पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने बाल भवन परिसर में संचालित किए जा रहे डे केयर सैंटर का भी जायजा लिया। उन्होंने रसोई घर, पुस्तकालय, नृत्य कक्ष आदि का भी निरीक्षण किया तथा यहां पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि परिषद द्वारा समय-समय पर बच्चों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करके मंच प्रदान भी किया जाता है। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए भी परिषद द्वारा कटाई-सिलाई, ब्यूटी पार्लर आदि का प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इस अवसर पर जिला बाल कल्याण अधिकारी बलबीर चौहान व स्टाफ के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India