करनाल 14 दिसम्बर, जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह के नोडल अधिकारी एवं आयुक्त नगरनिगम राजीव मेहता ने बताया कि 17 व 18 दिसम्बर को करनाल के हुडा ग्राऊंड परिसर में जिला स्तरीय गीता जयंती भव्य रूप से मनाई जाएगी। इस गीता जयंती कार्यक्रम का शुभारंभ 17 दिसम्बर को हरियाणा के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कर्णदेव काम्बोज करेंगे। इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए 30 स्टालें लगाई जाएंगी तथा 18 दिसम्बर को सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं तथा स्कूलों द्वारा आकर्षक शोभा यात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम में गीता जी पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे वहीं स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा रंगोली, पेंटिंग व भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। खंड स्तर पर भी गीता जयंती कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
आयुक्त ने शुक्रवार को विकास सदन में गीता जयंती से जुड़े अधिकारियों व सामाजिक संस्थाओं की बैठक लेकर गीता जयंती की तैयारियों की समीक्षा की और कहा कि समय से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। इस गीता जयंती में करीब 2 हजार स्कूली बच्चे शामिल होंगे जिनमें से 1100 बच्चे 18 दिसम्बर को चेंटिंग में शामिल होंगे। शोभा यात्रा में गीता जी के 18 अध्याय को अंकित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गीता जी पर 17 व 18 दिसम्बर को सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, गीता के विशेषज्ञ पंचायत भवन परिसर में 10 बजे से 12 बजे तक अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके लिए संबंधित स्कूल व सामाजिक संस्थाओं को ड्यूटी सौंपी गई हैं। इसके लिए उप-जिला शिक्षा अधिकारी सपना जैन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा प्रदर्शनी के लिए ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रबंधक जुबिन को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
Post Now India Post Now India