कुरुक्षेत्र 26 मार्च मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने कहा कि गेहूं की खरीद एक अप्रैल से की जाएगी, जबकि सरसों की खरीद 28 मार्च से शुरू होगी और 10 मई तक चलेगी। वे मंगलवार को प्रदेश के सभी उपायुक्तो के साथ विडियो कॉन्फ्रैंसिंग के जरिए गेहूं खरीद की तैयारियों के विषय पर बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि रबी के सीजन में किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा, पेमेंट आढ़ती के माध्यम से मिलेगी, जिसमें 48 घण्टे से ज्यादा समय नही लगेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने कुछ बैंको से टाईअप किया है। एक जिले को एक बैंक दिया गया है, सरकार से पैसा बैंको को जाएगा और बैंको से आढ़तीयों के पास जाएगा, जहां से किसान को पेमेंट होगी। यदि आढ़ती के पास बैंक से 7 दिन तक पैसा नही पहुंचेगा, तो उस राशि पर 12 प्रतिशत ब्याज सरकार द्वारा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरसों की खरीद को लेकर सम्बंधित किसान को मेरी फसल-मेरा ब्योरा पर रजिस्टर्ड करवाना अनिवार्य है, सरसों की फसल की अदायगी सीधी किसान के खाते में जाएगी। उन्होंने उपायुक्तो को निर्देश दिए कि सरसों की खरीद के लिए वे गांव और उसके साथ लगती मंडी की सूचि बना लें। किस गांव की फसल, किस मंडी में और किस दिन खरीदी जाएगी, लेकिन ध्यान रहे कि किसान को सरसों बेचने के लिए दूर की मंडी ना दी जाए। इसके अलावा सप्ताह में एक दिन ऐसा रखा जाए जिस दिन उन किसानों की सरसों खरीदी जाएगी जो किसी कारण वश सम्बन्धित दिनों में नहीं आ पाए थे। उन्होंने कहा कि यह सूचि मुख्यालय को भी भेजी जाए ताकि सम्बन्धित किसान को मैसेज करके बताया जाएगा की उसको अपनी फसल लेकर मंडी में किस दिन आना है। उन्होंने कहा कि मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर किसान की रजिस्ट्रेशन की वैरीफिकेशन का कार्य पूरा कर लिया जाए।
प्रधान सचिव ने उपायुक्तो से कहा कि मंडियों में लकड़ी की क्रेट पर्याप्त मात्रा में हों, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। गेहूं खुले स्पेस में रखी जा सकती है, लेकिन सरसों किसी भी सूरत में खुले में नही, बल्कि गोदाम में ही रखी जाएगी। मंडियों में गेहूं के लिए पोलीथीन कवर के साथ-साथ बिजली चालित झरने, नमी मापक यंत्र, शौचालय तथा पीने का पानी इत्यादि की उपलब्धता भी सुनिश्चित कर लें। उन्होंने कहा कि उपायुक्त अपने स्तर पर गेहूं खरीद से सम्बन्धित एक कमेटी का गठन करे, जो पूरी व्यवस्था की देखरेख करेगी। इस बात का पूरा ध्यान रखा जाए कि कमेटी का एक सदस्य कम से कम हर समय मौके पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यातायात की सुविधा बाधित ना हो इस बात का पुलिस विभाग के साथ तालमेल करके पूरा ध्यान रखा जाए। वीसी में उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने बताया कि ई-खरीद पोर्टल पर 1693 किसानों ने सरसों के लिए तथा 26880 किसानों ने गेहूं के लिए पंजीकरण करवाया है। उन्होंने बताया कि विभाग के लोग गांव-गांव जाकर किसानों को ई-पोर्टल सम्बन्धित जानकारी दे रहे है तथा मुनादी करवाकर बताया जा रहा है कि ई-पोर्टल पर पंजीकरण करे ताकि एमएसपी पर गेहूं व सरसों की खरीद की जा सके। डीसी ने बताया कि जिन किसानों ने पंजीकरण करवाया है, उनका वैरिफिकेशन पटवारियों के माध्यम से जल्द करवा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस विषय में उन्होंने गत्त सोमवार को अधिकारियों व व्यापारियों की एक बैठक भी ली है, जिसमें उन्होंने सम्बन्धित कार्यो को समय रहते पूरा करने के निर्देश भी दिए है।
इस मौके पर चंडीगढ़ से वीसी में खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग हरियाणा के एसीएस एसएन राय, खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग हरियाणा के निदेशक शेखर विद्यार्थी, मार्किटिंग बोर्ड के सीईओ जे. गणेशन के अलावा जिलास्तर पर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, एसडीएम थानेसर अश्विनी मलिक, लाडवा एसडीएम अनिल यादव, शाहबाद एसडीएम संयम गर्ग, पिहोवा एसडीएम निर्मल नागर, डीएमईओ मार्किटिंग बोर्ड राजीव चौधरी, डीएफएससी नीरज शर्मा, हैफेड डीएम अनूप सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।
Post Now India Post Now India