कैथल, 19 जुलाई: उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि जल शक्ति अभियान जन आंदोलन का स्वरूप ले रहा है। इस आंदोलन के साथ ग्राम पंचायतें, विभिन्न सामाजिक संस्थाएं, स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र व अन्य विभाग जुड़ चुके हैं। जल शक्ति अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करके लोगों को जल के महत्व के बारे में बताया जा रहा है। इस अभियान के तहत कहीं पर शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, खेल विभाग तथा अन्य विभागों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। वहीं इसके साथ-साथ पौधो रोपण करके भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।
समाज कल्याण विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम के तहत उनके कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को जल संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है तथा उन्हें अधिक से अधिक पौधा रोपण व व्यर्थ में जल नही गंवाने के बारे में बताया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर शिक्षा विभाग द्वारा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली अड्डा तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल की छात्राओं द्वारा जल संरक्षण जागरूकता रैली निकाली गई, जोकि शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुई गुजरी। स्कूली छात्राओं ने जल संरक्षण विषय पर बैनर व नारों से लोगों को जागरूक करने का कार्य किया। इसी प्रकार खेल विभाग द्वारा भी जल शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों को बताया गया कि जल ही जीवन है। आज के यूग में जिस प्रकार जल का दोहन हो रहा है, वह दिन दूर नही, जब आने वाली पीढ़ी के सामने जल का संकट खड़ा होगा। इसलिए हम सभी का नैतिक कर्तव्य बनता है कि अपने कल को सुरक्षित बनाने हेतू अधिक से अधिक जल का संरक्षण करें और व्यर्थ में जल को नही बहने दें। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला के सभी खंडों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत ग्रामीण महिलाओं को जल के सद्पयोग, पौधा रोपण तथा रसोईघर के जल को दोबारा इस्तेमाल करने के बारे में जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक जल संचयन हो सके।
Post Now India Post Now India