करनाल 5 सितम्बर, जवाहर नवोदय विद्यालय सग्गा करनाल के स्कूल में वर्ष 2020-21 में कक्षा 6वीं के प्रवेश के लिए 15 सितम्बर तक ऑनलाईन आवेदन किए जा सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 11 जनवरी 2020 को नियत परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी। यह जानकारी स्कूल के प्राचार्य जेआर यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि 6वीं कक्षा की प्रवेश परीक्षा के लिए अभ्यर्थी द्वारा 2019-20 के सत्र में ही कक्षा 5 उतीर्ण होनी चाहिए और वर्ष 2020-21 में कक्षा 6वीं में वास्तविक प्रवेश होना चाहिए। छात्र का जन्म 1 मई 2007 से 30 अप्रैल 2011 के मध्य में होना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्र के कोटे के अन्तर्गत प्रवेश के लिए इच्छुक अभ्यार्थी के लिए आवश्यक है कि उसने ग्रामीण क्षेत्र में मान्यता प्राप्त या सरकारी विद्यालय से कक्षा 3, 4 व 5 में पूरे सत्र अध्ययन किया हो और वह उसमें उत्तीर्ण भी हो।
उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए वहीं छात्र पात्र होगा जिसने 5वीं कक्षा में वर्ष 2019-20 में जिले के किसी सरकारी, मान्यता प्राप्त विद्यालय में प्रवेश लिया हो। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा के लिए आवेदन नि:शुल्क जिला शिक्षा अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारी व जवाहर नवोदय विद्यालय सग्गा से प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त विद्यालय की बैवसाईट www.navodaya.gov.in से अपलोड किये जा सकते हैं।
Post Now India Post Now India