कैथल, 11 अप्रैल: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. प्रियंका सोनी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने हेतू संबंधित गांवों के नंबरदारों को तैनात किया जाएगा। यह सभी नंबरदार गांव में दिव्यांग मतदाताओं की पहचान के उपरांत यह सुनिश्चित करेंगे कि ऐसे सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग आगामी 12 मई को लोकसभा आम चुनाव में करें।
डॉ. प्रियंका सोनी जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों के साथ तितरम, खरक पांडवा, माघो माजरी गांव में ग्रामीणों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि एक जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र व्यक्ति 12 अप्रैल दोपहर बाद 3 बजे तक अपनी वोट बनवाने के लिए बूथ स्तर अधिकारी को अपना आवेदन जमा करवा सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे 18 वर्ष से ऊपर ऐसे व्यक्तियों को अपना वोट बनवाने के लिए प्रेरित करें, जिनका अभी तक किसी कारणवश मतदाता सूचियों में नाम शामिल नही हो सका है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह सांझा प्रयास करें कि मतदान के दिन कोई भी मतदाता अपने मताधिकार के प्रयोग से वंचित न रहे। हमें भारतीय संविधान द्वारा मताधिकार का अधिकार मिला है तथा इस अधिकार का प्रयोग करना हमारा दायित्व भी है।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि सभी मतदान केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाए जुटाई जाएंगी। महिलाओं को भी मतदान के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा दिव्यांग व्यक्तियों के सुविधा के अनुसार मतदान केंद्रों पर रैंप व व्हील चेयर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि दिव्यांग व्यक्ति को मतदान करने में कोई परेशानी न हो। यही नही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पीडब्ल्यूडी एप भी बनाया गया है, जिस पर कोई भी दिव्यांग व्यक्ति अपना पंजीकरण से लेकर मतदान तक किसी भी प्रकार की सुविधा के लिए आवेदन कर सकता है। जिला प्रशासन द्वारा जिला में ज्यादा से ज्यादा मतदान दर्ज करवाने हेतू अनेक प्रयास किए जा रहे हैं, जिनके तहत मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विशेष प्रचार वाहन के माध्यम से भी मतदाताओं को मतदान के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मेहंदी प्रतियोगिता जैसी अन्य गतिविधियों के माध्यम से भी महिलाओं व अन्य मतदाताओं को मतदान के महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है।
Post Now India Post Now India