Breaking News
Home / Uncategorized / देश व प्रदेश के किसानों को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा: टेकराम कंडेला

देश व प्रदेश के किसानों को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा: टेकराम कंडेला

कैथल, 25 जून: हरियाणा राज्य सहकारी श्रम एवं निर्माण प्रसंघ के चेयरमैन टेकराम कंडेला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूसरी बार देश की सत्ता संभालते ही किसानों के हित में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 6 हजार रुपए देने का कार्य किया है, जोकि एक ऐतिहासिक कदम है। देश व प्रदेश के किसानों को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा। इसी प्रकार मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा सभी वर्गों के साथ-साथ किसानों के हित में अनेक कार्य किए गए हैं, जिससे किसानों की आमदनी बढ़ी है।

चेयरमैन टेकराम कंडेला लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनेक कदम उठाए गए हैं। बदलते परिवेश में अधिक से अधिक पौधा रोपण करने की जरूरत है, ताकि ग्लोबल वार्मिंग के खतरे से धरती को बचाया जा सके। हम सभी को अपने आसपास के परिवेश में अधिक से अधिक पौधे विशेषकर नीम, पीपल, बरगद लगाने चाहिए, जोकि पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से बहुत लाभकारी है। उन्होंने कहा कि एक विशेष मुहिम के तहत प्रत्येक जिला में 1100-1100 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे हमारा आसपास का वातावरण स्वच्छ होगा और आने वाली पीढ़ी को और भी अधिक पेड़ों की छांव मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिला के अनुसार एक विशेष कमेटी गठित की जाएगी, जोकि पर्यावरण संरक्षण और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि भूमि के घटते भूजल स्तर को बढ़ाने के लिए किसानों को फसल विविधिकरण प्रणाली अपनाकर जल संरक्षण का कार्य करना होगा। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को मक्का, दलहन आदि फसलें लगाने पर विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जल ही जीवन योजना के अंतर्गत 30 हजार हैक्टेयर भूमि के लिए किसानों ने पंजीकरण करवाया है। किसानों को प्रदेश सरकार द्वारा 2 हजार रुपए प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसी प्रकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों के हिस्से का प्रीमियम सरकार द्वारा भरा जाएगा। जल बचाने के लिए मक्का फसल का मुफ्त बीमा भी किया जाएगा और सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर खरीद की व्यवस्था भी की जाएगी। शुरूआती दौर में यह योजना कैथल, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, करनाल, जींद व सोनीपत जिलों में लागू की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री द्वारा किए गए एक समान विकास से संतुष्ट है। लोकसभा चुनाव की तरह आने वाले विधानसभा चुनाव में भी मनोहर सरकार 75 पार के साथ भारी बहुमत से दोबारा सरकार बनाएगी।

इस मौके पर सुभाष बड़सिकरी, पवन ढुल, राममेहर कंडेला, विनोद शाहपुर, सुधीर, वजीर, रणधीर बालू, ओमप्रकाश ढांडा के अलावा अन्य मौजूद रहे।

About postnow

Check Also

सरकार ने किसानों के लिए खोला क्षतिपूर्ति पोर्टल:नेहा सिंह

कुरुक्षेत्र । उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि सरकार ने किसानों के लिए राजस्व विभाग …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *