Breaking News
Home / Uncategorized / नन्हे नन्हे लोक कलाकारों के नाम रही बाबैन की राहगिरी

नन्हे नन्हे लोक कलाकारों के नाम रही बाबैन की राहगिरी

बाबैन, 15 सितंबर: चार साल की एक नन्ही बच्ची दिव्या के हरियाणवीं लोक नृत्य पर राहगिरी का मंच एक यादगार बन जाएगा किसी के जहन में नहीं था लेकिन राहगिरी के मंच पर ऐसा देखने को मिला है। इस मंच ने बेटी दिव्या को प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया और यह अवसर मिलने पर दिव्या ने सबको अपने लोक नृत्य से आश्चर्य चकित कर दिया। इस प्रतिभा को देख कर राहगिरी में पहुंचा हर शख्स झूमता हुआ नजर आया और विधायक डा. पवन सैनी सहित अन्य अधिकारीगण भी अपने आप को रोक नही पाए। इस राहगिरी कार्यक्रम में विभिन्न स्कूली बच्चों ने बेहतरीन प्रस्तुतियां देकर राहगिरी की फिजा बदलने का काम किया।

रविवार को बाबैन में प्रशासन की तरफ से पहले राहगिरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डा. पवन सैनी, पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी, एसडीएम अनिल यादव, डीएसपी भारत भूषण ने किया। इससे पहले विधायक डा. पवन सैनी व एसपी आस्था मोदी ने विभिन्न खेल कूद गतिविधियों को देखा और खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने का काम किया। इसके बाद राहगिरी में सुगनी देवी स्कूल लाडवा, राजकीय स्कूल बाबैन, भारत पब्लिक स्कूल, बीड कालवा के राजकीय स्कूल व गांव मंगौली के राजकीय स्कूल के बच्चों ने बिभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोह लिया। इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियोंं के जरिए ग्रामीण आंचल की कई प्रतिभाशाली प्रतिभाओं को सामने का अवसर मिला। इसके बाद नन्ही बच्ची दिव्या ने शानदार हरियाणवीं नृत्य और रजनी ने रागनी प्रस्तुत करके सबको नाचने पर मजबूर कर दिया। दिव्या की इस प्रस्तुति विधायक डा. पवन सैनी व सरपंच सूर्या प्रताप ने 500-500 रुपए की राशि इनाम के रूप में दी है।

विधायक डा. पवन सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने राहगिरी का मंच मुहैया करवा करके एक सराहनीय कार्य किया है। इस मंच के माध्यम से कई ऐसी प्रतिभाएं देखने को मिली है जिनको कभी भी किसी प्रकार का मंच नहीं मिल पाया था। सरकार ने इस कार्यक्रम को जिला स्तर पर शुरू किया था और बाद में उनके प्रयासों से ब्लाक व उपमंडल स्तर पर शुरू किया गया है। इसके बाद रस्साकस्सी प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। इस प्रतियोगिता में महिलाओं की टीम प्रथम स्थान पर रही और धीमी साइकिल प्रतियोगिता में नितिन प्रथम, प्रिंस दूसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा सीनियर प्रतियोगिता में विजेंद्र सिंह प्रथम स्थान पर रहे। इस राहगिरी में जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम की तरफ से विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया है। इन खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करके सबको आश्चर्य चकित कर दिया। इस कार्यक्रम के मंच का संचालन संयोजक नरेश सागवाल ने किया। इस मौके पर जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम में यशबीर सिंह, नायब तहसीलदार, बीईओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

About postnow

Check Also

सरकार ने किसानों के लिए खोला क्षतिपूर्ति पोर्टल:नेहा सिंह

कुरुक्षेत्र । उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि सरकार ने किसानों के लिए राजस्व विभाग …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *