कुरुक्षेत्र 21 दिसम्बर लाडवा विधायक डा. पवन सैनी ने कहा कि पिपली चौंक और जीटी रोड़ के आसपास के क्षेत्र में अतिक्रमण होने के कारण रोजाना दुर्घटनाओं के साथ-साथ जान-माल की हानि हो रही है। इतना ही नहीं ट्रैफिक जाम की स्थिति हर समय बनी रहती है, जिससे राहगिरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन तमाम पहलुओं को जहन में रखते हुए सर्वप्रथम पिपली चौंक और चौंक से चारों दिशाओं में जाने वाले मुख्य मार्गो से अतिक्रमण हटाने के लिए लोगों से अपील की जा रही है। अगर लोगों ने सोमवार तक अपने आप अतिक्रमण नहीं हटाया तो प्रशासन सख्त कार्रवाई अमल में लाएगा।
विधायक डा. पवन सैनी शुक्रवार को देर सायं पिपली चौक व चारों तरफ के मुख्य मार्गो पर लोगों द्वारा किए अतिक्रमण का अवलोकन करने के बाद अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। इससे पहले विधायक डा. पवन सैनी, एसडीएम अनिल यादव, एसएचओ पिपली, एसएचओ सदर, लोक निर्माण विभाग के साथ-साथ अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों ने पिपली चौंक, पुल के नीचे, पिपली चौंक से अम्बाला रोड़ा, पिपली बस स्टैंड रोड़, लाडवा रोड़, करनाल रोड़ का निरीक्षण किया और लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को चिन्हित किया। उन्होंने कहा कि पिपली चौंक और आसपास के क्षेत्र से सभी दुकानदार सोमवार तक अतिक्रमण हटाना सुनिश्चित करे और एसएचओ पिपली और सदर सभी दुकानदारों के साथ मिटिंग लेकर अतिक्रमण हटाने की पुन: अपील करे।
उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन मिलकर मंगलवार से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरु करेंंगे और पिपली चौंक और आसपास के क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति अतिक्रमण न कर पाए। यह व्यवस्था भविष्य में भी बनाए रखने की जिम्मेवारी अधिकारियों की होगी। इस मामले में जरा सी भी लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। एसडीएम अनिल यादव ने कहा कि प्रशासन द्वारा सोमवार तक सभी दुकानदारों से स्वयं समान उठाने की अपील की जाएगी। खासकर करनाल रोड़ पर सडक़ के किनारे बस और ट्रक खड़ा करने की इजाजत दी जाएगी। प्रशासन द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था को किसी भी सूरत में दुरुस्त किया जाएगा ताकि जान-माल को सुरक्षित किया जा सके।
Post Now India Post Now India