लिटल कैंपस इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम से संपन्न
बच्चोंं ने दी शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां
कुरुक्षेत्र, 27 दिसंबर
अंबाला रेलवे के डीएसपी शीतल सिंह के अनुसार प्रत्येक बालक प्रतिभावान होता है, बस आवश्यकता होती है कि उसके अंदर की छिपी प्रतिभा को कैसे उभारा जाए। डीएसपी शीतल सिंह लिटल कैंपस इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभाओं को निखार कर सामने ला सकता है। डीएसपी शीतल सिंह ने संस्कारों पर भी बल देते हुए कहा कि बच्चों को संस्कारवान बनाना चाहिए और यह काम शिक्षकों से अधिक परिजन कर सकते हैं। कार्यक्रम में विशेष अतिथि स्टेट बैंक आफ इंडिया के चीफ मैनेजर कपिल अरोड़ा के अनुसार प्रत्येक बच्चे के अंदर प्रतिभा छिपी होती है, बस उस प्रतिभा को सही मंच मिलने की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि मंच पर आकर भाषण देना, डंास करना या किसी भी तरह की प्रस्तुति देना आसान नहीं है। कार्यक्रम में चंडीगढ़ से विशेष रूप से पधारी वरिष्ठ अधिवक्ता सुषमा वर्मा स्याल ने कहा कि स्टेज पर आने से पहले बड़े बड़ों के पसीने छूटते हैं, लेकिन यहां बच्चोंं ने जो मनमोहक प्रस्तुतियां दी हैं, उससे लगता है कि बच्चों की प्रतिभा का सही विकास हो रहा है।

सेल्स टैक्स विभाग में ईटीओ पुनीत शर्मा ने कहा कि बच्चा कच्ची मिट्टी के समान होता है, जिसे हर दिन शिक्षक पकाता है और एक दिन शिक्षक की मेहनत रंग लाती है। उन्होंने कहा कि बच्चा एक बार अपने मां बाप की बात को झुठला सकता है, लेकिन अपने शिक्षक की कही बात नहीं झुठला सकता, जो उनके सम्मान का परिचायक है।
कुरुक्षेत्र की प्रमुख समाजसेविका रश्मि कटारिया, अर्चना कटारिया जो कि किसी परिचय की मोहताज नहीं है, ने कहा कि बहुत ही कम समय में लिटल कैंपस इंटरनेशनल स्कूल ने अपने स्कूल के बच्चों को इस काबिल बना दिया है कि वह स्टेज पर आने से ना झिझकते हैं, ना ही उनके मन में कोई डर है। उन्होंने कहा कि मिट्टी में ही होती है पकड़ मजबूत पैरों की,मैंने संगमरमर पे चलते लोगों को फिसलते देखा है। वहीं कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला लोकसंपर्क अधिकारी धर्मवीर सिंह, सहायक लोकसंपर्क अधिकारी नरेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार, विपिन शर्मा, मेवा राम, मीडिया जगत से पवन शर्मा, भारत साबरी, रामपाल शर्मा, राजेश भारद्वाज मौजूद रहे।

इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरूआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। स्कूल के बच्चों ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत गाकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। बच्चों ने आज के इस कार्यक्रम में कुल 13 प्रस्तुतियां दी, जिसमें गणेश वंदना, सरस्वती वंदना, प्री नर्सरी व नर्सरी कक्षा के बच्चों का नृत्य, अब नहीं सहेंगे हम डांस, माई आइडियल पैरेंट, फैशन शो, कदम से कदम, पंजाबी व्याह, मस्ती की पाठशाला, बॉलीवुड, क्यूजन व रिमिक्स पंजाबी सोंग आदि कार्यक्रमों पर छोटे छोटे बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुति देकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। नन्हें बच्चों ने अपनी मनमोहक सुरीली आवाज में कई गानों की बेहतरीन प्रस्तुति की। इसके साथ ही कार्यक्रम में गायन, नृत्य, फैंसी ड्रेस समेत कई अन्य प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक बना दिया। दर्शकों ने भी बच्चों का जमकर उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में एंकरिंग सोनल कुमारी व डंटिस्ट डा. केशव ने की और कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों के अभिभावकों के लिए भी कार्यक्रम रंगीन बनाने के लिए अभिभावकों को क्विज कंपीटिशन, बिंदी लगाओ व अन्य गेम भी करवाए गए। लिटल कैंपस इंटरनेशनल स्कूल की संचालिका लता अरोड़ा ने बताया कि सारे साल की गतिविधियां देख कर बच्चों को पुरस्कृत किया, वहीं स्कूल के टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ को भी पुरस्कृत किया। वहीं बेस्ट टीचर का अवार्ड सिमरन को दिया गया। टीचर्स डे पर आयोजित प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार विजय लक्ष्मी, कविता, अनु को दिया गया।
Post Now India Post Now India