करनाल 12 जुलाई, अतिरिक्त उपायुक्त अनीश यादव ने कहा कि मंडी में फसल की बिक्री के लिए किसान 22 जुलाई तक मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाएं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा 4 जुलाई को मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल ऑनलाईन करके इस प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया था।
वे शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित अतिरिक्त उपायुक्त के कार्यालय में मार्किट कमेटी के अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अधिक से अधिक किसानों को पंजीकृत किया जाए। इसके लिए फसलएचआरवाई डॉट इन वेबसाइट पर अपना पंजीकरण करवाया जा सकता है। किसान को पंजीकरण करवाने के लिए पहले अपना नाम, पता, बोई गई जमीन का विवरण, बैंक खाता की जानकारी देनी है। इसके बाद किसान वैकल्पिक तौर पर कोई भी मंडी या आढ़ती का विवरण दे सकता है। यह प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की जाएगी। किसानों को पंजीकरण का कार्य पूरा होने के बाद उनके बैंक खाते में प्रति एकड़ दस रूपए के हिसाब से न्यूनतम बीस रूपए और अधिकतम पचास रूपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि किसान अपने गांव के कॉमन सर्विस सैंटर, मार्किट कमेटी के कार्यालय, कृषि विभाग के कार्यालय व स्वयं भी वैबसाईट पर जाकर पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके अलावा अपने क्षेत्र के पटवारी, कृषि विकास अधिकारी एवं मार्केट कमेटी कार्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसान समय रहते खरीफ की फसल बेचने के लिए अपना पंजीकरण करवा लें। उन्होंने बताया कि किसी प्रकार की सहायता के लिए टोल फ्री नम्बर 18001802060 से सम्पर्क किया जा सकता है।
Post Now India Post Now India