कैथल, 12 जुलाई: हरियाणा के स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री श्री अनिल विज ने जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए किठाना निवासी प्रदीप कुमार की 22 दिन एफआईआर दर्ज करने में हुए विलंब के कारण ईएसआई भागीरथ को निलंबित करने तथा सजूमा निवासी तरसेम की मारपीट के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने की शिकायत की सुनवाई करते हुए कलायत पुलिस थाना के एसएसओ अनूप सिंह को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।
श्री अनिल विज लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के एजैंडे में शामिल शिकायतों की सुनवाई कर रहे थे। बैठक में 14 शिकायतें रखी गई थी, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर निपटारा कर दिया गया तथा अन्य शेष 6 शिकायतों के संदर्भ में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इन शिकायतों के निपटारे के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने जिलाभर से शिकायत लेकर पहुंचे सभी लोगों की शिकायतें सुनी तथा उपायुक्त को उन शिकायतों का यथा शीघ्र समाधान करवाने को कहा। स्वास्थ्य मंत्री ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए किठाना निवासी प्रदीप कुमार की गांव के ही व्यक्तियों द्वारा जानलेवा हमला करने से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने में हुई देरी जांच अधिकारी ईएसआई भागीरथ को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने प्रदेश में यह आदेश जारी किए हैं कि पुलिस द्वारा तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए चाहे वह जीरो एफआईआर भी दर्ज करनी पड़े।
स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज ने सजूमा निवासी तरसेम की आपसी मारपीट व पुस्तैनी मकान पर गैर कानूनी कब्जा करने से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए उन्होंने कलायत के एसएचओ अनूप सिंह को डियूटी में लापरवाही बरतनें पर तुरंत प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस मामले के सभी तथ्यों की जानकारी के लिए कैथल के उपमंडलाधीश की अध्यक्षता में 3 सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए, जिनमें पुलिस उपाधीक्षक विनोद शंकर तथा समिति के मनोनित सदस्य सुरेश राविश को शामिल किया गया। यह समिति सभी पहलुओं की जांच करके अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि वे हर गरीब व्यक्ति के साथ हमेशा खड़े रहेंगे तथा किसी के साथ भी अन्याय नही होने देंगे।
श्री अनिल विज ने डेरा नागल निवासी दिलबाग सिंह की सीवन स्थित ज्योति नर्सिंग कॉलेज द्वारा उसकी लड़की की 12वीं मार्कसीट गुम करने संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए उन्होंने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि वे संबंधित संस्थान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करें तथा संस्थान की लापरवाही से छात्रा के 4 वर्ष का समय खराब होने का मुआवजा भी दिलवाया जाए। श्री अनिल विज ने कलायत के वार्ड नंबर 5 निवासी राजेंद्र की आपसी मारपीट से संबंधित शिकायत के संदर्भ में संबंधित पुलिस अधिकारियों को अगली बैठक में पूरा रिकोर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने टटियाणा निवासी प्रगट सिंह की सरकारी स्कूल के सामने बिना अनुमति बोरवैल लगाने से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज ने स्थानीय भगत सिंह कालोनी निवासी रामफल व अन्य की सीवर की सफाई न होने तथा ढ़क्कन न होने की शिकायत की सुनवाई के बाद जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे इस सीवरेज लाईन की यथाशीघ्र सफाई करवाना सुनिश्चित करें तथा शीघ्र सफाई की साप्ताहिक रिपोर्ट उन्हें भेजें। सीवर की साफ-सफाई भी करवाई जाए। उन्होंने सिरसल निवासी राजकुमार की खेत से गंदे पानी की निकासी से संबंधित शिकायत की सुनवाई के बाद पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता के खेत से गंदे पानी की निकासी सुनिश्चित करें।
उन्होंने फतेहपुर निवासी सुमन व अन्य की गांव में शराब के अवैध खुर्दों से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए पुलिस उपाधीक्षक विनोद शंकर, उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त तथा समिति के मनोनीत सदस्य को पुलिस बल के साथ तुरंत अवैध खुर्दों पर छापा मारने के आदेश दिए। उन्होंने गढ़ी पाड़ला निवासी मनदीन सिंह नायडु की जन स्वास्थ्य विभाग से पाईप लाईन दबाने के बिल के भुगतान से संबंधित शिकायत की सुनवाई के उपरांत कार्यकारी अभियंता को पूर्ण रिकोर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय देवीगढ़ रोड निवासी रमेश जांगड़ा व अन्य की गली के निर्माण से संबंधित शिकायत की सुनवाई के उपरांत नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि वे इस पूरी कच्ची सड़क में ब्लाक लगवाना सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो। उन्होंने बलबेहड़ा निवासी कृष्ण चंद डिपो होल्डर की राशन सप्लाई बंद करने संबंधित शिकायत की सुनवाई के बाद जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए कि वे शिकायत कर्ता की राशन की सप्लाई शुरू करें। श्री अनिल विज ने सोलुमाजरा निवासी महेंद्र सिंह, पूंडरी के वार्ड नंबर 2 निवासी राजपति तथा कांगथली निवासी वकील की फसल खराब होने के मुआवजे से संबंधित शिकायत का भी निपटारा किया।
इस मौके पर उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी, पुलिस अधीक्षक श्री विरेंद्र विज, उपमंडलाधीश जगदीप सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर, जिला परिषद की चेयरपर्सन सुखविंद्र कौर, मार्किट कमेटी के चेयरमैन राजपाल तंवर, श्याम सुंदर बंसल, जिला परिषद की सदस्य शकुंतला वजीरखेड़ा, शैली मुंजाल, सुरेश राविश, मुखत्यार साकरा, सतीश शर्मा, विरेंद्र छौत, विरेंद्र क्योड़क, कृष्ण शर्मा पिलनी, परिवहन महाप्रबंधक रामकुमार, वन मंडल अधिकारी राजीव, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता रवि शंकर मित्तल, जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता देवीलाल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडिया, सिविल सर्जन डॉ. एसके नैन, कृषि उपनिदेशक डॉ. पवन शर्मा सहित सभी विभागों के उच्चाधिकारी एवं समिति के मनोनीत सदस्यगण मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India