कैथल, 30 जुलाई: उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पर जिला के किसानों का रजिस्ट्रेशन करना सुनिश्चित किया जाए। सभी पटवारी, ग्राम सचिव व मार्किट कमेटी के सचिव इस कार्य को आपसी तालमेल के साथ 8 अगस्त तक पूरा करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही नही होनी चाहिए। लापरवाही करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डॉ. प्रियंका सोनी लघु सचिवालय स्थित सभागार में मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर किसानों के रजिस्ट्रेशन हेतू पटवारियों, मार्किट कमेटी के सचिवों तथा ग्राम सचिवों की समीक्षा बैठक के दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही थी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी इस कार्य को प्रमुखता से लेकर जल्द निपटाएं। कॉमन सर्विस सैंटर में किसानों का ब्यौरा रजिस्ट्रर्ड किया जाए। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन करने के लिए किसानों को अपने दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, बैंक पास बुक, मोबाईल नंबर तथा जमीन के मालिक का नाम, खसरा नंबर देना होगा। मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पर पंजीकृत किसानों को ही इस योजना के तहत मिलने वाले लाभ जैसे फसलों के बीज, खाद, किसान लोन, प्राकृतिक आपदा, खराब फसल का मुआवजा तथा मंडी में फसल इत्यादि बेचने का लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि मेरी फसल-मेरा ब्यौरा एक महत्वकांक्षी योजना है, जिसका लाभ किसानों को मिलेगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खुद इस पोर्टल की मोनिटरिंग समय-समय पर करते हैं। किसानों के रजिस्ट्रेशन के कार्य में किसी भी लापरवाही नही होनी चाहिए। सभी मार्किट कमेटी सचिव अपने अधीनस्थ कम्प्यूटर ऑपरेटरों से तथा सीएससी के माध्यम से जल्द से जल्द सभी किसानों का ब्यौरा पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने जिला के गढ़ी पाड़ला, कुलतारण, रोहेडिय़ां, नंद सिंह वाला, दिल्लोवाली, पट्टïी गादड़, अरनौली, सदराहेड़ी, चाबा, गढ़ी नजीर, शादीपुर, खेड़ी दाबा, मेघा माजरा, ढुंढ़वा, लुकमान, खुशहाल माजरा, लंडाहेड़ी, मलिकपुर, खंबेड़ा, सरोला, सीवन, घोघ, खेड़ी सिंबलवाली, फरीयाबा, संतोख माजरा, मंडवाल, नंदकरण माजरा आदि गांवों में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इन गांवों में अभी तक बहुत कम किसानों के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन हुए हैं। संबंधित गांव के अधिकारी व कर्मचारी कार्य में तेजी लाते हुए मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पर किसानों का ब्यौरा डालना सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में सभी किसानों को इस योजना के तहत मिलने वाला लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि जो भी कॉमन सर्विस सैंटर के संचालक किसानों का ब्यौरा पोर्टल पर डालने में कोताही बरतेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी सुरेश कुमार, तहसीलदार छोटू राम, चेतना चौधरी, जगदीश चंद्र, नायब तहसीलदार ईश्वर सिंह के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India