हरियाणा प्रदेश का हास्य बेहद प्रचलित है, किंतु पुरातन हास्य को नया रुप देने में बहुत से कलाकारों ने हास्य रंग को नष्ट करने का प्रयत्न किया है। ऐसे में हास्य तथा मखौल को पूर्नजीवित करना प्रत्येक हास्य कलाकार का दायित्व बनता है। इसी दायित्व की पूर्ति हेतु हरियाणा कला परिषद् मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर अम्बाला मण्डल द्वारा राज्य स्तरीय हरियाणवी मखौल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। हरियाणा के हास्य को पुनः नया रंग देते हुए आयोजित मखौल प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से तीन दर्जन से अधिक हास्य कलाकारों ने अपनी प्रतिभा को दिखाया। प्रतियोगिता के लिए 20 वर्ष से 75 वर्ष की आयु के कलाकारों ने अपने चुटकुलों से सभी का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता में निर्णायक मण्डल के रुप में प्रसिद्ध रेडियो व हास्य कलाकार आजाद सिंह दूहन, हरियाणवी संस्कृति के पुरोधा महावीर गुड्डू तथा हास्य कवि वी एम बेचैन उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलित कर किया। प्रतियोगिता से पूर्व मैक के क्षेत्रीय निदेशक नागेंद्र शर्मा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर अपनी उद्देश्य की पूर्ति हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है,, जिसमें मखौल प्रतियोगिता भी शामिल हैं। प्रदेश के हास्य को नया रुप देते हुए तथा हास्य व मखौल कलाकारों को मंच प्रदान करते हुए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ कलाकारों के फूहड़पन के कारण हरियाणवी हास्य की छवि बिगड़ी है, जिसे सुधारने के प्रयास हेतु प्रतियोगिता आयोजित की गई है। प्रतियोगिता के दौरान मंच संचालन विकास शर्मा द्वारा किया गया। प्रतियोगिता दो चरणों में रही, पहले चरण में प्रतिभागियों द्वारा 3 से 5 मिनट की अवधि की स्वयं द्वारा तैयार प्रस्तुति दी गई। वहीं दूसरे चरण में हास्य जुगलबंदी रही। जिसमें प्रत्येक प्रतिभागी को एक सहयोगी दिए जाने पर दोनों कलाकारों द्वारा हास्य जुगलबंदी करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया गया। प्रतियोगिता में भिवानी, सिरसा, रोहतक, जींद, हिसार, कैथल, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, पानीपत सहित विभिन्न जिलों से लगभग तीन दर्जन प्रतिभागी हिस्सा लेने पहुंचे। एक से बढ़कर एक कलाकार ने हास्य से भरपूर प्रस्तुतियां देकर सभी को खूब गुदगुदाया। प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी की प्रस्तुति पर सभागार ठहाको और तालियों से गूंज रहा था। देर शाम तक चली प्रतियोगिता के बाद निर्णायक मण्डल द्वारा दस सर्वश्रेष्ठ मखौल कलाकारों को चुना गया। जिनमें जंीद से संजीत कुमार, कुरुक्षेत्र से नरेश सागवाल, किरमिच से गुलाब सिंह, पे्रम शर्मा, शिव कुमार किरमिच, जींद से हरिकिशन, भिवानी से संदीप कुमार, हिसार से मोहन दलाल, सोनीपत से फूल सिंह व जींद से अशोक कुमार ने शामिल रहे। वहीं निर्णायक मण्डल द्वारा तीन प्रोत्साहन विजेता भी चुने गए, जिनमें कैथल के राजीव शर्मा, कुरुक्षेत्र के राजकुमार जांगड़ा तथा जींद के विकास शामिल रहे। विजेता चुने गए सभी प्रतिभागियों का दिनांक 31 अगस्त को मैक की भरतमुनि रंगशाला में एक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। जिसमें चयनित प्रत्येक कलाकार को पांच हजार रुपये प्रति कलाकार पुरस्कार राशि व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को सम्बोंधित करते हुए निर्णायक मण्डल सदस्य आजाद दूहन ने कहा कि हरियाणा कला परिषद मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर जमीन से जुड़े हुए कलाकारों के लिए बेहतरीन कार्य कर रहा है। प्रदेश की संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास से विभिन्न कार्यक्रमों के कारण युवाओं को प्रादेशिक संस्कृति का बोध हो रहा है। वहीं महावीर गुड्डू ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रदेश में पहली बार आयोजित राज्य स्तरीय मखौल प्रतियोगिता वास्तव में एक अनूठा प्रयास है। उन्होंने कहा कि समय समय पर इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से प्रदेश के कलाकारों में कला के प्रति न केवल रुझान बढ़ेगा बल्कि प्रदेश की संस्कृति के विस्तार में भी सहयोग मिलेगा। प्रतियोगिता के समापन पर नागेंद्र शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य कला एवं संस्कृति की सेवा करना है, जिसके अंतर्गत लोक संस्कृति के विस्तार हेतु प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग विधाओं की कार्यशालाएं आयोजित की जाएगीं। जिससे हरियाणा एक सांस्कृतिक प्रदेश के रुप में नया मुकाम हासिल करे।
75 वर्ष के फूल सिंह ने सांझा किए अपने अनुभव
—————
प्रतियोगिता में सबसे अधिक उम्र के प्रतिभागी सोनीपत के जाटी कलां से फूल सिंह ने अपने अनुभव सांझा करते हुए कहा कि उनका ध्येय हरियाणा की संस्कृति को निरंतर लोगों तक पहुंचाना है। 75 वर्ष की आयु में न तो उन्हें किसी नौकरी की इच्छा है और न हीं किसी पुरस्कार की चाह, लेकिन प्रदेश के मखौल को मिल रहे नए आयाम में उपस्थिति दर्ज कराना, कहीं न कहीं उनका फर्ज बनता है। जिसे निभाने के लिए वे प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं।
Post Now India Post Now India