लाडवा 26 जनवरी – लाडवा के विधायक डा. पवन सैनी ने कहा कि केन्द्र सरकार ने संविधान में संशोधन करके देश के इतिहास में पहली बार सवर्णों को आर्थिक आधार पर 10 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया है, जोकि एक फरवरी से पूरे देश में लागू होगा। इससे सवर्ण जातियों को नौकरियों एवं शिक्षण संस्थानों के एडमिशन में आरक्षण का लाभ मिलेगा। राज्य सरकार ने जहां एससी-एसटी अधिनियम को मजबूत किया है वहीं ओबीसी के लिए अलग से ओबीसी आयोग का गठन किया है।
विधायक डा. पवन सैनी शनिवार को लाडवा अनाज मंडी के प्रांगण में उपमंडल स्तर पर आयोजित 70वें गणतंत्र दिवस समारोह में उपमंडल वासियों को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले विधायक डा. पवन सैनी ने गणतंत्र दिवस के उपमंडलस्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण करने उपरांत परेड की सलामी ली। उन्होंने कहा कि देश के क्रांतिकारियों द्वारा आजादी के लिए किए गए लम्बे संघर्ष के बाद ही आज ही के दिन 1950 को बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के नेतृत्व में बनाया गया संविधान भारत में लागू हुआ। इसके बाद भारत को विश्व में एक सम्पूर्ण गणराज्य के रूप में पहचान प्राप्त हुई।
विधायक डा. पवन सैनी ने गणतंत्र दिवस पर सभी उपमंडल वासियों को बधाई देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस पर सभी को प्रण करना चाहिए कि देश और प्रदेश के विकास में अपना योगदान देंगे और अनेकों शहीदों की कुर्बानियों तथा उनके सपनों को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने देश के इतिहास में पहली बार अभूतपूर्व स्वास्थ्य सेवा आयुष्मान भारत योजना शुरू की है। अब कोई भी व्यक्ति हरियाणा व केन्द्र सरकार के पैनल में पंजीकृत किसी भी उत्कृष्ट निजी अस्पताल में फ्री ईलाज करवा सकता है। इसके तहत मरीज को 5 लाख रुपए तक की वार्षिक नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा दी जाती है। देश एवं प्रदेश को भ्रष्टाचार के दलदल से निकालने के लिए हमने प्रदेश की 485 सेवाओं को ऑनलाइन किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर चलते हुए हरियाणा को एक श्रेष्ठï राज्य बनाने का संकल्प लिया है। इसके लिए सरकार ने खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, कानून व्यवस्था, समाज कल्याण, उद्योग, रोजगार तथा आधारभूत संरचना सहित अन्य क्षेत्रों में अनेक जनहितैषी निर्णय लिये हैं। राज्य सरकार ने प्रदेश में समान अवसर-समान विकास की अवधारणा को पूरा करते हुए सरकारी नौकरियों में भाई-भतीजावाद तथा क्षेत्रवाद रूपी कलंक को हरियाणा की धरती से मिटाने का काम किया है। प्रदेश के इतिहास में पहली बार करीब 1 लाख 50 हजार युवाओं को सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में रोजगार देने का काम किया है।
इस कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा पीटी शो, मार्च पास्ट, लेजियम व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विधायक ने मुख्यमंत्री सौंदर्यकरण स्कूल प्रतियोगिता में खंड लाडवा के राजकीय स्कूल लौहारा, राजकीय स्कूल बपदा-बपदी, प्राईमरी स्कूल बणी व कड़ामी को सम्मानित किया। मार्चपास्ट में दून शिक्षा निदेशालय लाडवा प्रथम, लाडवा पुलिस की टुकड़ी द्वितीय व आईजीएन कालेज लाडवा की एनसीसी की टुकड़ी तृतीय स्थान पर रही।
Post Now India Post Now India