करनाल 12 सितम्बर: स्मार्ट सिटी में गुरूवार को मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल ने शहर वासियों के लिए विकास से जुड़ी व करोड़ो की लागत से तैयार दर्जनो सुविधाओं व विकास कार्यों की जो सौगात दी, उनमें नगर निगम के दो कार्यक्रम भी शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने अम्बेडक़र चौक स्थित डॉ. मंगल सैन सभागार परिसर से 1 करोड़ 62 लाख रूपये की लागत से बनने वाली सडक़ का शिलान्यास तथा 35 लाख रूपये की लागत से वार्ड 16 के शिवपुरी शमशान घाट के वाहनो के लिए शैड, स्टाफ क्वाटर तथा महिला एवं पुरूषों के लिए बने शौचालयों का लोकार्पण किया।
नगर निगम आयुक्त निशांत कुमार यादव ने अधिकारियों के साथ दोनो जगहों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शिवपुरी शमशान घाट के आगे 1 किलोमीटर 150 मीटर लम्बी सडक़ बनाई जाएगी, इसकी चौड़ाई साढे 11 मीटर की रहेगी। यह सडक़ हांसी रोड़ से गोदाम, नजदीक श्री राम कॉलोनी और शिवपुरी गेट नजदीक इंदिर कॉलोनी तक बनाई जाएगी। सडक़ के बनने से जनता को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा इससे गुजरने वाले बड़े वाहनो को अब कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
आयुक्त ने बताया कि सडक़ का कार्य अगले 90 दिन में मुकम्मल हो जाएगा। उन्होंने बताया कि मजबूती के लिहाज से 2 वाटर बॉंड मेकेडम लेयर, विभिन्न साईज के सी.सी. ब्लॉक्स तथा 100 एम.एम. थिकनेस आई.एस.आई. मार्क के इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक इस्तेमाल किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्राय: इस सडक़ से बड़े-बड़े ट्राले व ट्रक गुजरते हैं। उनके आवागमन के लिए मजबूती और क्वालिटी का खास ध्यान रखा जाए। रोड़ गली को मौजूदा स्टोरम वाटर लाईन से जोड़ा जाए, ताकि सडक़ पर पानी इकठ्ठा ना हो और इसे किसी तरह की क्षति ना पहुंचे।
उन्होंने बताया कि शमशान घाट में नगर निगम की ओर से यहां के वाहनो के लिए तीन गैरेज, कर्मचारियों के दो रिहायशी क्वाटर तथा महिल व पुरूषों के लिए 11 शौचालय बनाए गए हैं, इन पर करीब 35 लाख रूपये की राशि खर्च हुई है। इन सुविधाओं से शमशान घाट में संस्कार के लिए आने वाली जनता को अब बड़ी राहत मिल सकेगी।
Post Now India Post Now India