करनाल नगर निगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि शहर में विकास कार्य जोरों पर हैं। लोगों की सभी मूलभूत समस्याओं को जड़ से खत्म करने के लिए भाजपा सरकार और नगर निगम संकल्पित हैं। रेनू बाला गुप्ता आज शहर में विभिन्न विकास कार्यों के शुभारंभ अवसर पर बोल रही थी। इस मौके पर उन्होंने शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा भी लिया। मेयर रेनू बाला गुप्ता ने आज वार्ड नं. 19 में बनने वाली चार सडक़ों का शुभारंभ किया। इनकी अनुमानित लागत 45.80 लाख रुपए है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि यह चार सडक़ें अगघी पार्क प्रेमनगर से लेकर रामनगर काछवा पुल तक, आर्य समाज चौक से काछवा पुल तक, प्रेमनगर में दोनों तरफ की मुख्य सडक़ तथा प्रेमनगर की तरफ कैथल पुल के साथ सडक़ें बनाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह में इस काम को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मेयर रेनू बाला गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समय पर और बेहतर क्वालिटी के साथ पूरा किया जाए। इससे पहले मेयर रेनू बाला गुप्ता ने वार्ड 15 में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल पूरे प्रदेश का समुचित विकास करवा रहे हैं। इसी कड़ी में करनाल में विकास कार्य जोरों पर हैं। प्राथमिकता के आधार पर लोगों की समस्याओं को निपटाया जा रहा है। मेयर रेनू बाला गुप्ता ने शहर का दौरा कर कहा कि कलंदरी गेट एरिया, पुराना शहर, सर्राफा बाजार सहित अन्य इलाकों में जहां पर भी सडक़ों के निर्माण की अथवा रिपेयरिंग की जरूरत है उसका प्लान तैयार कर शीघ्र ही निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा। इसके साथ ही शहर में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त किया जाएगा। इसके बाद मेयर रेनू बाला गुप्ता ने वार्ड 8 में जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। यहां पर पार्षद मेघा भंडारी ने मेयर को वार्ड की विभिन्न मांगों से अवगत करवाया जिनमें मुख्य चौकों पर हाई मास्क लाइटें लगाने, स्लिप वे बनाने सहित अन्य मांगें शामिल थी। जिन पर मेयर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि शीघ्र ही सभी मांगों पर कार्य शुरू होगा। शहर में कोई समस्या बाकी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में जितना विकास प्रदेश का हुआ है वह अपने आप में मिसाल है। करनाल ने विकास कार्यों में नए आयाम स्थापित हैं। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल जी के प्रयासों से आज करनाल इतना सुंदर बन पाया है। आज करनाल स्वच्छता, सुंदरता के मामलों में अन्य जिलों के सामने मिसाल पेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल जी के आशीर्वाद से करनाल में विकास की गति को रुकने नहीं दिया जाएगा। मेयर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि सैक्टर-6 के सभी पार्कों को दुरुस्त किया जाएगा। ओपन जिम लगाई जाएगी। पार्कों में आधुनिक लाईटों के साथ इंटरलॉकिंग टाइलें भी लगाई जाएगी। सैक्टर-6 की मार्कीट में हाई मास्क लाइटें लगाई जाएंगी। सैक्टर-6 स्थित शिव मंदिर के सामने पार्क का भी सुधारीकरण किया जाएगा।इस मौके पर प्रसिद्ध समाजसेवी बृज गुप्ता, राजेश अगघी, भगवान दास अगघी, एम.सी. युद्धवीर सैनी, पार्षद मेघा भंडारी, जगदीश सभ्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक भंडारी, दर्शन सिंह सहगल, हरीश अरोड़ा, संकल्प भंडारी, एक्स.ई.एन., सहायक अभियंता, जे.ई. सहित अन्य अधिकारी व गण्यमान्य लोग मौजूद थे।
Post Now India Post Now India