करनाल 20 दिसम्बर, खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा जिला के गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को गैस कनैक्शन उपलब्ध करवाने के साथ प्राथमिक परिवार (ओपीएच) को भी गैस कनैक्शन मुहैया करवाने की योजना चलाई जा रही है। जल्दी ही करनाल गैस कनैक्शन युक्त जिला बन जाएगा।
यह जानकारी उपायुक्त डॉ०आदित्य दहिया ने दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश को कैरोसीन मुक्त करके सभी बी.पी.एल. व सामाजिक-आर्थिक गणना 2011 की सूची में शामिल परिवारो को नि:शुल्क एल.पी.जी. कनैक्शन उपलब्ध करवाने के बाद अब सरकार ने ओ.पी.एच. (अदर प्रायर्टी हाऊसहोल्ड) यानि खाकी राशन कार्ड धारकों को भी एल.पी.जी. कनैक्शन दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की पहली दो स्कीमो, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना तथा बी.पी.एल. के तहत लाभार्थी परिवार को नि:शुल्क कनैक्शन उपलब्ध करवाए गए हैं। अब ओ.पी.एच. स्कीम में लाभार्थी को गैस कनैक्शन प्राप्त करने के लिए मात्र 633 रूपये देने हैं, जो होज़ पाईप, इन्स्टालेशन चार्जिज तथा अन्य एडमिनीस्ट्रेटिव चार्जिजस के लिए हैं। जबकि सिलेण्डर और रेगूलेटर की सिक्योरिटी राशि 1600 रूपये सरकार ही वहन करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि वे अन्य प्राथमिक परिवार ओपीएच जिनके घर में पहले से कोई गैस कनैक्शन नहीं है और राशन कार्ड की मुखिया महिला है। ऐसे पात्र परिवारों को सरकार की ओर से इस योजना का लाभ दिया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि प्रदेश के सभी परिवारों को गैस कनैक्शन मुहैया करवाना सरकार का मुख्य ध्येय है ताकि प्रदूषण रहित खाना पकाने हेतू इंधन उपलब्ध करवाया जा सके। उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस योजना का भरपूर प्रचार-प्रसार करें, ताकि प्रत्येक ओ.पी.एच. लाभार्थी इसका लाभ उठा सकें। इसके लिए सरकारी माध्यमो से प्रचार-प्रसार के साथ-साथ पंचायती राज संस्थाओं का सहयोग भी ले लिया जाए।
उन्होंने जिला के सभी ऐसे खाकी कार्ड धारक जिनके पास गैस कनैक्शन नही हैं, से अपील की है कि वे सरकार की इस स्कीम का लाभ उठाने के लिए तुरंत नजदीकी गैस एजेंसी पर जाकर गैस कनैक्शन प्राप्त करें। प्रार्थी को आवेदन फार्म के साथ परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की प्रति, खाकी रंग का राशन कार्ड तथा अपने बैंक अकाउंट की कॉपी ले जानी होगी। फार्म गैस एजेंसी से ही मिलेगा। जिला के सभी पीले व गुलाबी कार्ड धारक परिवार जिनके पास एलपीजी गैस कनैक्शन नहीं है वे भी निर्धारित तिथि तक आवेदन पत्र जमा करके इस योजना का लाभ ले सकते है। इसके बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक कुशल भूरा का कहना है कि लोगो को जागरूक करने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा गैस एजेंसियो के सहयोग से शिविर लगाए जा रहे हैं। अब तक जिला के गांव डिडवाडी, गीतापुर, जाम्बा, बजीदा और सीतामाई, पोपडा, फुसगढ़, पंघाला, प्रेम नगर, पाढ़ा, भूसली, दनियालपुर, कुटेल, कैमला, महमल, गढ़ी खजूर, निसिंग तथा करनाल शहर की कई कॉलोनियों में जागरूकता शिविर लग चुके हैं, जबकि चालू मास के अंत तक करीब दो दर्जन अन्य गांवो में भी इस तरह के शिविर लगाए जाने प्रस्तावित हैं। यह भी प्रयास किए जा रहे हैं कि जिले का हर गांव व वार्ड स्कीम की जागरूकता को लेकर कवर किया जाए।
Post Now India Post Now India