Breaking News
Home / Uncategorized / हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मानसून से पहले बाढ़ बचाव प्रबंधन के सभी इंतजाम पूरे किए जाएं

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मानसून से पहले बाढ़ बचाव प्रबंधन के सभी इंतजाम पूरे किए जाएं

कैथल, 13 जून: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मानसून से पहले बाढ़ बचाव प्रबंधन के सभी इंतजाम पूरे किए जाएं। पूरे प्रदेश में आम जन के लिए बिजली, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी नही रहनी चाहिए। किसी भी स्थान से जनता की शिकायत इस विषय पर नही आनी चाहिए। बरसात के दिनों में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना नही करना पड़े। सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें।

मुख्यमंत्री वीडियो कांफ्रैंसिंग के माध्यम से बाढ़ प्रबंधन, पानी निकासी, गर्म हवा से बचाव आदि विषयों पर प्रदेश के उपायुक्तों के साथ समीक्षा कर रहे थे। इस मौके पर उनके साथ हरियाणा के मुख्य सचिव डीएस ढ़ेसी व एफसीआर केसनी आनंद अरोड़ा सहित अन्य उच्चाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपसी तालमेल के साथ बाढ़ बचाव संबंधित कार्यों को पूरा किया जाए, ताकि आने वाले समय में लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। नहरों के नजदीक होने वाले संभावित कटाव पर विशेष निगरानी रखी जाए। नालों व ड्रेनों की सफाई का कार्य समय रहते पूरा कर लिया जाए। आम जन को भीषण गर्मी से बचाव के बारे में भी जागरूक किया जाए। वीडियो कांफ्रैसिंग में समीक्षा के दौरान उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि जिला में कुल 24 डे्रन है, जिनकी सफाई का कार्य चल रहा है और लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, 30 जून तक शेष बचे कार्य को भी पूर्ण कर लिया जाएगा। बाढ़ प्रबंधन तथा पानी निकासी के लिए जिला के 4 कार्यों में से तीन कार्य पूर्ण हो चुके हैं और एक पर कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि घग्घर नदी पर इनलेट की व्यवस्था की जा चुकी है। मानस ड्रेन तथा माघो माजरी पर पुल का निर्माण किया जा चुका है। गांव खरक में विभिन्न गांवों के लगभग 1500 एकड़ भूमि में संभावित बाढ़ के पानी को निकालने की व्यवस्था के लिए पाईप लाईन का कार्य जारी है। इस पानी को पूंडरी ड्रेन में डालने की व्यवस्था की जा रही है।

उपायुक्त ने बताया कि गर्म हवा से बचाव के लिए आम जन को जागरूक किया जा रहा है। सामान्य अस्पताल में अलग से हिट वेव वार्ड बनाया गया है। मनरेगा में कार्य करने वाले मजदूरों के लिए हिट वेव को देखते हुए समय सीमा तय की गई है। आंगनवाड़ी केंद्रों में ओआरएस के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला के विभिन्न गांव में 123 तालाब हैं, जिन्हें भरवाया जा चुका है, ताकि पशुओं को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो सके। जिला में 16 स्थाई पंप हाउस हैं तथा पानी की निकासी के लिए 44 पंप की व्यवस्था है। इसके साथ-साथ 70 मोबाईल डीजल पंपिंग सैट है और 35 मोबाईल इलैक्ट्रिक पंपिंग सैट की व्यवस्था की गई है, जोकि पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि बेलदारों के माध्यम से सभी नहरों को चैक करवाया गया है और भविष्य में भी निरंतर नहरों की जांच जारी रहेगी। जिला में बाढ़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त मात्रा में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध है। सामान्य अस्पताल को हॉट लाईन से जोड़ा गया है। बाढ़ प्रबंधन के लिए जिला में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।

इस मौके पर एसडीएम गुहला महेंद्र पाल, नगराधीश प्रदीप अहलावत, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडिया, डीआरओ सुरेश कुमार, सिविल सर्जन एसके नैन, उपकृषि निदेशक डॉ. पवन शर्मा, अधीक्षक अभियंता बीएस रंगा, देवीलाल, कार्यकारी अभियंता प्रशांत कुमार, बनारसी दास, महेंद्र पाल, राजीव कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बॉक्स : वीडियो कांफ्रैसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आगामी 21 जून को पूरे प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन भव्य ढंग से किया जाएगा। इस योग दिवस को लेकर सभी तैयारियां समय रहते मुकम्मल होनी चाहिए। इस बार सभी विधानसभा क्षेत्रानुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। सभी अधिकारी व कर्मचारी, कॉलेज के छात्र-छात्राएं, पतंजलि योग पीठ के सदस्य, गुरूकुल तथा सभी सामाजिक संस्थाएं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भाग लें। रोहतक में राज्य स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भारत के गृहमंत्री अमित शाह शिरकत करेंगे।

About postnow

Check Also

सरकार ने किसानों के लिए खोला क्षतिपूर्ति पोर्टल:नेहा सिंह

कुरुक्षेत्र । उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि सरकार ने किसानों के लिए राजस्व विभाग …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *