करनाल 30 दिसम्बर, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि करनाल शहर में अब बरसाती पानी के ठहराव की समस्या नहीं रहेगी, पूरे शहर की सीवरेज व्यवस्था दुरूस्त की जा रही है, मुगल कैनाल के विस्तारीकरण का कार्य प्रगति से चल रहा है, शीघ्र ही इसे पूरा कर लिया जाएगा और जहां पर मुगल कैनाल में गंदे पानी का ठहराव है, उसके लिए गंजोगढ़ी गांव के पास ट्रीटमेंट प्लांट लगाकर, उसको शीघ्र ही दुरूस्त किया जाएगा। करनाल के लोगों को आगामी 5 जनवरी को पश्चिमी बाईपास सुपुर्द किया जाएगा, इसके बनने से शहर में भीड़भाड़ कम होगी और शीघ्र ही शहर के दूसरी तरफ भी बाईपास बनाया जाएगा। शहर को जोडऩे वाली सभी सडक़ों का सुधारीकरण व विस्तारीकरण किया जा रहा है। साथ ही हाई-वे की सभी सडक़ों पर काम चल रहा है,जल्द ही कार्य पूरा हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में मशीनों की काफी कमी थी, उसको पूरा कर दिया गया है, कल्पना चावला के डॉक्टर से जानकारी ली है कि एक मशीन की कमी है, उसको भी कुछ ही समय के बाद उपलब्ध करवा दिया जाएगा। इस क्षेत्र के लोगों को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधा की दिक्कत नहीं होगी,इसके लिए और भी आगे बढ़ते हुए कुटेल गांव में पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय मेडिकल विश्वविद्यालय बनाया जा रहा है और इस पर भवन निर्माण का कार्य जोरों से चल रहा है। अगले वर्ष इस विश्वविद्यालय में कुछ कोर्सो के लिए कक्षाएं लगनी आरम्भ हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विश्वविद्यालय के लिए जीटी रोड़ से रास्ता लिया गया है ताकि लोगों को आने-जाने में दिक्कत ना हो, जल्दी ही इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए हवाई पट्टी रन-वे का विस्तारीकरण किया जाएगा,इसके लिए जमीन ली जा रही है, जल्दी ही इस पर भी कार्य शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 वर्ष पहले के नई अनाज मंडी की दुकानों के मामले लम्बित पड़े थे, जिससे व्यापारी व आढ़ती काफी दिक्कत में थे,उनको भी शीघ्र ठीक किया जा रहा है ताकि किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि करनाल के कपड़ा व्यापारी चाहे तो वह एचआईएसडीसी की जमीन में नई कपड़ा मार्किट बनवाने के लिए जमीन देने को तैयार है। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि चिंता करने की जरूरत नहीं है, हर वर्ग के लिए काम किया है,जो उनकी जरूरत है,उसको संज्ञान में लाए, उसे भी पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में प्रदेश में बिजली के लिए हाहाकार मचती थी, अब ऐसा नहीं है। जगमग योजना के तहत अधिक्तर गांव में 24 घंटे बिजली मिल रही है। लोग चाहे तो वह जगमग योजना के तहत 18 से 24 घंटे बिजली प्राप्त कर सकते है। उन्होंने कहा कि बिजली के बिल भरने की समस्या को लेकर काफी दिक्कत थी,इसके लिए उन्होंने 2005 से पहले के सभी बिल माफ किये है और आगे के बकाया बिलों को भरने के लिए 12 किश्त बनाई गई है, बीपीएल परिवारों के लिए भी बिल भरने के लिए सुविधाजनक नियम बनाए गए है, उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी। बिजली निगम को कहा गया है कि प्रदेश के सभी उपभोक्ताओं को बिजली का कनैक्शन दिया जाए, किसी को भी दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहरों के लोगों के लिए भी प्रोपर्टी टैक्स का ब्याज भी माफ किया गया है, सभी को चाहिए कि प्रदेश व अपने क्षेत्र में विकास के लिए प्रोपर्टी टैक्स जरूर भरे।
मुख्यमंत्री रविवार को पटेल मार्किट में कपड़ा व्यापारियों व समाज सेवियों के द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी वर्गो के लिए समान विकास किया है, करनाल में जो भी बड़े-बड़े विकास कार्य हुए है,उनकी जानकारी दी गई है, जो भी व्यापारियों की जायज समस्याएं है,उनकों भी हल किया जाएगा। करनाल विकास के मामले में आगे बढ़ रहा है, अब पहले वाला करनाल नहीं है,उनकी कोशिश रही है कि करनाल की सभी समस्याओं को दूर किया जाए, उसके लिए वह निरंतर काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि करनाल में उनका कईं वर्षो पहले आना-जाना है, वह करनाल की हर समस्या को भली भांति जानते है,जिन में से अधिक्तर समस्याओं को हल कर दिया गया है और जो भी समस्याएं रहती है उन्हें भी जल्द दूर किया जाएगा।
इस मौके पर कार्यक्रम के आयोजक पटेल मार्किट के प्रधान योगेश भुगड़ा, विनोद मनोचा, हरीश कुमार, सुनील चावला ,राकेश नागपाल व कृष्ण तनेजा ने मुख्यमंत्री का बुक्के देकर स्वागत किया। इस अवसर पर एसडी आदर्श के विद्यार्थियों ने स्वागत व देशभक्ति गीत प्रस्तुत किये।
ये रहे उपस्थित।
असंध के विधायक बख्शीश सिंह विर्क, मेयर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा के प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, भाजपा नेता अशोक सुखीजा, जिला महामंत्री योगेन्द्र राणा, स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र, प्रदेश प्रवक्ता शमशेर नैन, किसान मोर्चा के जिला प्रधान सतीश राणा, समाज सेवी बृज गुप्ता, संगीत प्राध्यापक, बृजमोहन शर्मा, पार्षद वीर विक्रम, भगवान दास अग्गी, अशोक मदान,जिला परिषद के सदस्य तेजेन्द्र बिडलान सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर किये पुष्प अर्पित।
मुख्यमंत्री ने रविवार को पटेल मार्किट के कार्यक्रम से पहले पटेल मार्किट में स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किये।
Post Now India Post Now India