चण्डीगढ़, 24 दिसम्बर- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री ओम प्रकाश धनखड़ ने झज्जर के बादली बाई पास मार्ग पर हुए सडक़ हादसे में हुई जन हानि पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। श्री धनखड़ ने गहरा दु:ख प्रकट करते हुए कहा कि परमपिता परमात्मा दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। श्री धनखड़ ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य होने की भी परमपिता परमात्मा से कामना की। कृषि मंत्री श्री धनखड़ ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये तथा मामूली रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये देेने की घोषणा की।
कृषि मंत्री श्री धनखड़ को गंभीर सडक़ हादसे की सूचना मिलते ही तुरंत झज्जर नागरिक अस्पताल पंहुचे और शोकाकुल परिवजों को ढ़ांढस बंधाया। उन्होंने नागरिक अस्पताल में घायलों के ईलाज की समुचित व्यवस्था करने के आदेश अधिकारियों को दिए। कृषि मंत्री रोहतक पीजीआई भी पंहुचे और गंभीर रूप से घायलों के ईलाज के बारे भी पीजीआई के अधिकारियों से जानकारी ली। इस सडक़ हादसे में आठ लोगों की मौत (सात महिला व एक पुरूष) तथा दस लोग घायल हुए हैं इनमें तीन महिला व सात पुरूष शामिल हैं। हादसे में सभी मृतक आठ लोग एक ही गांव किरड़ौद के निवासी हैं। कृषि मंत्री श्री ओम प्रकाश धनखड़ इस उपरांत किरड़ौद गांव में पंहुचे और अंतिम यात्रा में भाग लेते हुए अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कृषि मंत्री ने गांव किरड़ौद में शोकाकुल परिवारों को ढ़ांढस बंधाया और कहा कि इस दु:ख की घड़ी में प्रदेश सरकार पीडि़तो के दुख-दर्द में शामिल है।
Post Now India Post Now India