कुरुक्षेत्र 15 जनवरी – सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम कन्या महाविद्यालय लोहार माजरा में हरियाणा कला परिषद चंडीगढ़ के सौजन्य से संगीत गायन विभाग आयोजित सुगम संगीत कार्यशाला का समापन हो गया। कार्यशाला के समापन अवसर पर मुख्यातिथि के तौर पर मल्टी कल्चरल आर्ट सैन्टर कुरूक्षेत्र के निदेशक थियेटर विकास शर्मा ने शिरकत की। इस मौके पर ललित कला विभाग की निदेशिका सीमा कम्बोज, जयराम शिक्षण संस्थान के निदेशक एस.एन.गुप्ता, जयराम महाविद्यालय की प्राचार्या डा. गीता गोयल तथा कई संगीत विशेषज्ञ मौजूद थे। जयराम संस्थाओं के मीडिया प्रभारी राजेश सिंगला ने बताया कि कार्यशाला में प्रशिक्षक हरमोहन ने पूरे सप्ताह छात्राओं को संगीत की लय, ताल, सुर आदि का ज्ञान देते हुए बारीक से बारीक तुकों आदि का मिलान करना सिखाया। उन्होंने बताया कि हम किस प्रकार संगीत क्षेत्र में निपुणता हासिल करते हुए अपने जीवन को सुरमय बना सकते हैं। इस अवसर पर छात्राओं ने कार्यशाला में सीखे गए सुन्दर भजन, गीत आदि प्रस्तुत करके सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यशाला के समापन अवसर पर मुख्यातिथि विकास शर्मा ने छात्राओं की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि संगीत ऐसा क्षेत्र है जो हमें सुख हो या दुख- हमारा साथ निभाता है। संगीत विहीन संसार की कल्पना करना भी असंभव है। कोई क्षेत्र ऐसा नहीं है जहां संगीत न हो। छात्रा वृन्दा ने हमें स्वदेश की कसम गीत सुनाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रा ज्योतिका ने ओ कान्हा भजन सुनाकर सबको मोहित कर दिया। छात्रा पुनम ने सतगुरू मैं तेरी पतंग सुनाकर दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। संस्थान के निदेशक एस.एन.गुप्ता ने मुख्यातिथि का धन्यवाद करते हुए कहा कि संगीत की यह कार्यशाला बहुत महत्वपूर्ण है, इससे छात्राओं ने गायन शैली के गुरों को गहराई से जानने परखने का प्रयास किया और उन्होंने छात्राओं द्वारा सुनाए गए भजनों की प्रशंसा की। प्राचार्या डा. गीता गोयल ने इस कार्यशाला के सफल आयोजन पर संगीत गायन विभाग को शुभकामनाएं दी और उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यशाला से छात्राओं को जीवन में अग्रसर होने का अवसर प्राप्त होता है। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्याशालाओं का आयोजन महाविद्यालय द्वारा करवाया जाएगा ताकि छात्राएं इससे लाभान्वित हो सकें। इस कार्यशाला में 50 से अधिक छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए गीत, भजन, शब्द आदि सीखे। इसी प्रकार महाविद्यालय में अंग्रेजी विभाग तथा विज्ञान संकाय द्वारा आयोजित कार्यशालाओं का भी समापन हुआ।
Post Now India Post Now India