कुरुक्षेत्र 12 जनवरी – सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम कन्या महाविद्यालय लोहार माजरा में पंजाबी विभाग तथा एन एस एस द्वारा लोहड़ी का त्यौहार हर्षोल्लास एवं खूब धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग की तरफ से क्रिकेट मैच का भी आयोजन किया गया। यह क्रिकेट मैच महाविद्यालय की बी.ए. प्रथम तथा द्वितीय वर्ष की टीमों के बीच खेला गया। क्रिकेट मैच का शुभारंभ जयराम शिक्षण संस्थान के निदेशक एस.एन.गुप्ता द्वारा विधिवत तौर पर किया गया। जयराम संस्थाओं के मीडिया प्रभारी राजेश सिंगला ने बताया कि इस अवसर पर गांव खिज़रपुरा की सरपंच हरजीत कौर तथा लोहार माजरा के सरपंच उदय सिंह ने विशिष्ट अतिथियों के तौर पर सपरिवार क्रिकेट मैच का आनंद लिया। मैच में बी.ए.प्रथम वर्ष की टीम विजेता रही तथा खिलाड़ी रजवंत को मैन आफ द मैच घोषित किया गया। सिंगला ने बताया कि मैच के समापन उपरांत महाविद्यालय परिसर में लोहड़ी का त्यौहार मनाया गया। इस मौके पर सर्वप्रथम विभिन्न गावों के सरपंचों, निदेशक, प्राचार्या, शिक्षक वर्ग एवं छात्राओं ने अग्नि में मूंगफली, तिल एवं रेवड़ी का अर्ध्य दिया। छात्राओं ने भारी उत्साह के साथ लोहड़ी के त्यौहार पर गीतों तथा नृत्य की प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर छात्राओं के साथ सभी ने लोहड़ी का खूब आनंद लिया। इस अवसर पर निदेशक एस एन गुप्ता ने कहा कि यह एक ऐसा त्यौहार है जो आपसी प्रेम एवं सौहार्द को बढ़ाता है। उन्होंने दूल्हा भट्टी वाले की पुरातन एवं सनातन कथा सुनाते हुए कहा कि इस पर्व से हमें यह शिक्षा लेनी चाहिए कि समाज में एक दूसरे की मदद करने को सदैव तत्पर रहना चाहिए। यदि किसी को हमारे कारण प्रसन्नता प्राप्त होती है तो हमें इस अवसर को कदापि गंवाना नहीं चाहिए। यह त्यौहार अपने अन्दर खुशी, खुशहाली, समृद्धि को समेटे हुए है। इस दिन सूरज उतरायन दिशा में प्रवेश करता है। प्राचार्या डा. गीता गोयल ने सभी को लोहडी की शुभकामनायें देते हुए पंजाबी विभाग एवं एन.एस.एस. की दोनों यूनिट को इस कार्यक्रम के अयोजन तथा शारीरिक शिक्षा विभाग को क्रिकेट मैच के आयोजन के लिए बधाई दी।
Post Now India Post Now India