करनाल 02 जुलाई, जल शक्ति अभियान की केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की संयुक्त सचिव रेखा शुक्ला ने मंगलवार को करनाल जिला के गांव सलारपुर व संगोहा में स्थानीय अधिकारियों के साथ पहुंचकर जल संरक्षण, जल प्रबंधन तथा जल के महत्व के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया तथा थ्री पोंड, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थिति का जायजा लिया।
संयुक्त सचिव रेखा शुक्ला ने ग्रामीणों से बातचीत में कहा कि देश के कुछ इलाकों में पानी की समस्या बढ़ती जा रही है, इस समस्या के निदान के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गत 30 जून को मन की बात कार्यक्रम में देश की जनता से जल शक्ति अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया है। आप लोगों ने जिस प्रकार से स्वच्छ भारत मिशन को सफलतापूर्वक चलाया है उसी तर्ज पर जल शक्ति अभियान को भी कामयाब बनाना है और आने वाली पीढ़ी के लिए जल संरक्षण करना है। उन्होंने कहा कि जल को बचाने के अनेक तरीके हैं, इन संसाधनों जैसे पानी को व्यर्थ न बहाना, तालाबों की साफ-सफाई, पानी को रिसाईकिल करना, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, पौधारोपण करने जैसे अन्य उपयों से पानी की बचत कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय-समय पर गांवों में जाकर ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए जागरूक करें।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त अनीश यादव, तालाब व अपशिष्ट जल प्रबधन प्राधिकरण हरियाणा के सदस्य तेजिन्द्र सिंह तेजी, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता रामफल सिंह, योजना अधिकारी संगीता मेहता, सहायक परियोजना अधिकारी नरेश कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India