कुरुक्षेत्र, 21 जनवरी: गुरुकुल कुरुक्षेत्र के 36 छात्रों ने जेईई मेन्स परीक्षा में 90 परसेंटाइल हासिल कर अपने गुरुजनों व माता-पिता का नाम रोशन किया है। एक ही शिक्षण संस्थान के छात्रों द्वारा 90 प्लस परसेंटाइल आने का यह संभवतः पहला अवसर है, हरियाणा में ही नहीं बल्कि पूरे देश में इतनी बड़ी संख्या में जेईई मेन्स का यह सम्भवतः सबसे अच्छा रिजल्ट है। जेईई मेन्स के उत्कृष्ट परिणाम की सूचना मिलते ही गुरुकुल के संरक्षक एवं हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने प्राचार्य कर्नल अरुण दत्ता सहित समस्त गुरुकुल परिवार को दूरभाष पर शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उत्तीर्ण छात्रों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
गुरुकुल के प्राचार्य कर्नल अरुण दत्ता ने कहा कि गुरुकुल के छात्र शिक्षा के क्षेत्र में नित नये आयाम स्थापित कर रहे हैं तथा जेईई मेन्स, जेईई एडवांस सहित एनडीए, एनईईटी, पीआईएमटी आदि प्रतियोगी परीक्षाआंे में सफलता प्राप्त कर रहे है। उन्होंने कहा कि इस पूरा श्रेय गुरुकुल की प्रबंधक समिति, कुशल अध्यापकों के मार्गदर्शन व छात्रों की अनथक मेहनत को जाता है। उन्होंने बताया कि गुरुकुल की भव्य कम्प्यूटर लैब में ही छात्रों को एनटीए के न्यू पैटर्न वाले ऑनलाइन टैस्ट की पूरी तैयारी कराई गई जिससे छात्रों के आत्मविश्वास में अप्रत्याशित वृद्धि हुई और उसी का परिणाम है कि गुरुकुल के 36 छात्रों ने 90 परसेंटाइल से जेईई मेन्स की परीक्षा पास कर नया कीर्तिमान रचा है। उन्होंने बताया कि गुरुकुल के अभयप्रताप, सूर्यकान्त, शुभम्, अमन, हर्ष, आकाश, दीपक, निशान्त सहित 36 छात्रों ने जेईई मेन्स की परीक्षा उत्तीर्ण की है।
गुरुकुल के प्रधान कुलवन्त सैनी ने छात्रों की इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता का कोई शार्टकट नहीं है। कठिन परिश्रम और अनथक प्रयास से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है और गुरुकुल में प्रत्येक विद्यार्थी को सफलता का यही मंत्र दिया जाता है। उन्होंने कहा कि देश को सभ्य नागरिक और सेना को उच्च कोटि के अधिकारी देने का जो सपना गुरुकुल के संरक्षक आचार्य देवव्रत जी ने संजोया है, उसे पूरा करने के लिए पूरा गुरुकुल परिवार संकल्पबद्ध है।
Post Now India Post Now India