कैथल, 24 फरवरी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का देशव्यापी शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से वैबकास्टिंग के जरिए किया। प्रधानमंत्री के एक क्लिक करते ही देश के एक करोड़ एक लाख 6हजार 880 किसानों के सीधा बैंक खातों में 2 हजार रुपये की पहली किस्त जारी हो गई। जिला के 60 हजार 915 किसानों को इस योजना का लाभ मिला है। योजना के जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन आरकेएसडी कॉलेज के हॉल में किया गया, जिसमें गुहला के विधायक कुलवंत बाजीगर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने जिला के 14 किसानों को पात्रता प्रमाण पत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों के मोबाईल में तुरंत ही 2 हजार रुपये आने का मैसेज पहुंच गया, जिससे किसानों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई।
गुहला के विधायक कुलवंत बाजीगर ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना देश व प्रदेश के किसानों के एक वरदान है। छोटी जोत के किसानों को इस योजना से सीधा लाभ मिलेगा। जिला के 60 हजार 915 किसानों को इस योजना का सीधा लाभ पहुंचा है। देश का किसान मजबूत होगा तो निश्चित तौर पर देश भी मजबूत होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर आगे बढ़ रहा है। सरकार द्वारा किसानों की आय को दोगुणा करने की दिशा में अनेक कदम उठाए गए हैं। किसानों के हितों को देखते हुए सोयल हैल्थ कार्ड स्कीम,प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, फसल अवशेष प्रबंधन योजना, भावांतर भरपाई योजना जैसी अनेक महत्वकांशी योजनाएं लागू की गई है, जिसका किसानों को सीधा लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर किसानों को आर्थिक सुविधा देने का कार्य हुआ है, वहीं पशुपालकों व मत्स्य पालन के व्यवसाय से जुड़े किसानों को भी2 लाख रुपये तक के किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ने का अहम निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है। सरकार द्वारा किसानों के हितों को सर्वोपरी मानकर कार्य किया जा रहा है। इससे पूर्व किसानों के साथ मुआवजे के नाम पर दो-दो रुपये के चैक देकर मजाक किया जाता रहा है। जब से देश की बागडोर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश की बागडोर मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने संभाली है, तभी से किसानों की फसल के दामों को बढ़ाने का काम किया गया है। किसानों की फसल में बढोतरी करते हुए वर्ष 2014 से अब तक गेहूं में400 रुपये, चना की फसल में 1500 रुपये, सरसों में 1100 रुपये, धान गे्रड में 370 रुपये, गन्ना में 30 रुपये, ज्वार में 900रुपये तथा कपास में 1400 रुपये की वृद्घि की गई है। पिछले दिनों प्राकृतिक आपदा से किसानों की फसल में जो नुकसान हुआ था, सरकार द्वारा हिन्दुस्तान में सबसे ज्यादा मुआवजा राशि देने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह पैंशन में वृद्घि करते हुए प्रदेश वासियों को 2 हजार रुपये दिए जा रहे हैं, उसी प्रकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि में भी भविष्य में बढोतरी की जाएगी। सरकार द्वारा सीधा किसानों के खातों में पैसे डाले गए हैं। इस व्यवस्था से भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगा है। उन्होंने सभी आह्वान भी किया है कि सरकार को आम जन के कार्य और अधिक बेहत्तर करने के सुझाव भी दें। सरकार आमजन को साथ लेकर विकास का खाका तैयार करती है। इस मौके पर विधायक ने जिला के 14 किसानों को पात्रता प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त श्री सतबीर कुंडु ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार ऐसी योजना लागू की गईर् है। इस योजना के तहत दो हैक्टेयर तकके किसानों को 6 हजार रुपये सालाना की सम्मान राशि दी जाएगी। पहली किस्त 2 हजार रुपये सीधा किसानों के खातों में जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि बहुत थोड़े समय में दिन-रात एक करके किसानों को इस योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया। जिला के अधिकारियों की टीम ने अथक प्रयासों से किसानों के आवेदनों को पूरा किया है। सरकार द्वारा किसानों के हित में लागू की गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना उनकी आय को दो गुणा करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
उपकृषि निदेशक डा. पवन शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा बजट में किसानों का हिस्सा तय कर दिया गया है। किसान देश की अर्थ व्यवस्था की रीढ़ है। किसान सम्पन्न होगा, तो देश का व्यापार भी बढे़गा। सरकार किसानों के हित में अनेक कदम उठा रही है। इस योजना से किसान वर्ग में खुशी की लहर दोड़ रही है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने अभी तक इस योजना के तहत आवेदन नहीं किया है। वह अपने फार्म भरकर जिला परिषद कार्यालय स्थित एसडीओ कार्यालय तथा चीका मंडी कार्यालय में दे सकते हैं। किसानों की दूसरी किस्त स्वत: ही उनके खाते में चली जाएगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर कुंडु, डीडीए डा. पवन शर्मा, डीआईओ दीपक खुराना, डा. देवेंद्र चहल,डा. दिनेश शर्मा, मनीष वत्स, अमरेंद्र खारा, निर्भय औलख, महेंद्र रसीना, बंसीलाल, केवल कृष्ण, जगदीश प्रेमी आदि उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में जिला के 14 किसानों को पात्रता प्रमाण पत्र दिए गए, जिनमें गांव हरसौला के जयपाल, बरोट के राजपाल, अनिल कुमार व भीम सिंह, खेड़ी रायवाली के प्रेम, फ्रांसवाला के दर्शन व रामभगत, कुतुबपुर के सुनील कुमार व सुरेश, सांघन के संजीव, फतेहपुर के महेंद्र, कठवाड़ के रामकुमार,मालखेड़ी के सुभाष तथा नरड़ के रमेश कुमार शामिल हैं।
डीआईओ दीपक खुराना ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के फार्म को अपलोड करने के लिए दिन रात कार्य किया गया। इस कार्य को एनआईसी कैथल में 70 ऑपरेटर की सहायता से पूरा किया जा रहा है। जिन किसानों के आवेदन मिलते रहेंगे उन्हें तुरंत ऑनलाईन अपलोड कर दिया जाएगा ताकि संबंधित किसानों को इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ मिल सके।
Post Now India Post Now India